दिल्ली के बत्रा अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित एक मरीज ने आत्महत्या कर ली। बीते रविवार शाम को वार्ड में पंखे पर शव लटका देख हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार मृतक दिल्ली जलबोर्ड में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। करीब तीन वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मीठापुर निवासी रमेश (63) 20 मई को डायलिसिस के लिए बत्रा अस्पताल में भर्ती किए गए थे। उन्हें किडनी की समस्या होने के चलते डायलिसिस की तत्काल जरूरत थी। हालांकि, यहां कुछ दिन बाद डॉक्टरों को आशंका होने पर जब उनकी जांच की गई तो वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
रविवार शाम करीब 4 बजे अस्पताल के कमरा नंबर 511 में मरीज ने पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसका खुलासा उस वक्त हुआ जब अस्पताल का एक कर्मचारी कमरे में पहुंचा तो उसने शव पंखे पर झूलता हुआ देखा। पुलिस के अनुसार शव का कोविड प्रबंधन के तहत अंतिम संस्कार कराने के बाद जांच शुरू हो चुकी है। हालांकि, आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।