फरीदाबाद जिले में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो नए कोरोना के मामलों की पुष्टि की गई है, जिनमें दोनों महिलाएं शामिल हैं। दोनों संक्रमित महिलाओं को बुखार की शिकायत थी। इसके बाद इनकी निजी अस्पताल में जांच कराई गई थी, रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।
बढ़ते मामलों को देखते हुए अब स्वास्थ्य विभाग ने एक हजार कोरोना टेस्ट किट मंगवाई हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमण के कुल पांच मामले हो गए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। पहला मामला पन्हेड़ा कलां गांव में पाया गया था, जहां 34 वर्षीय महिला को बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत थी। इसके बाद उन्होंने निजी अस्पताल में जांच कराई। जांच के बाद रविवार को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसकी जानकारी सोमवार सुबह स्वास्थ्य विभाग को मिली। महिला को तत्काल होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है।
महिला के पति की भी जांच की गई। पति की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। दूसरे मामले में विष्णु कॉलोनी निवासी 76 वर्षीय महिला को कुछ दिनों से बुखार की समस्या थी। परिजनों ने 24 मई, शनिवार को निजी अस्पताल में उनका कोरोना टेस्ट करवाया। 25 मई को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद महिला को एक दिन के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। सोमवार को उनकी स्थिति में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया और होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए।