दिल्ली और अन्य स्थानो से लौट रहे मजदूर।
- फोटो : prayagraj
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने लॉकडाउन किया हुआ है। सभी लोगों से घरों में ही रहने की अपील की जा रही है। लेकिन बावजूद इसके लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में शनिवार को पुलिस ने सड़क पर ऑटो लेकर निकले दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। वहीं सिविल लाइंस के ही मजनू का टीला पर एक युवक फूल माला की दुकान खोले हुए था। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों ही आरोपी रोज कमाने और रोज खाने की वजह से दुकान व ऑटो चलाने की बात कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर को गश्त करते हुए टीम मजनू का टीला जी-30 पर पहुंची। यहां देखा कि घर में किशनलाल नामक युवक ने फूल माला की दुकान खोली हुई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी उचित उत्तर नहीं दे पाया। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस एसटीए चौक, राजपुर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस बीच ऑटो चालक राज बहादुर ऑटो लेकर वहां पहुंचा। उसने बताया कि घर में खाने को नहीं है। इसलिए वह ऑटो लेकर कमाने के लिए निकला है। दूसरी ओर ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी चौक के पास सवारी ले जा रहे ऑटो चालक सतीश को पुलिसने गिरफ्तार कर लिया। वह लॉक डाउन के दौरान ऑटो चला रहा था। पुलिस ने इसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया।