रात में भी तेज रफ्तार वाहनों को पकड़ सकेंगे इंटरसेप्टर । पुलिस आयुक्त ने लेजर तकनीक से लैस 11 इंटरसेप्टर को हरी झंडी दिखाई ।
अब रात में भी तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाई जा सकेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के बेड़े में लेजर तकनीक वाले कैमरों से लैस 11 इंटरसेप्टर शामिल हो गए हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने इंडिया गेट पर आयोजित एक कार्यक्रम में 11 इंटरसेप्टर को मंगलवार शाम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक)अजय कश्यप ने बताया कि दिल्ली पुलिस के बेडे़ में पहले से रात में चालान करने वाले इंटरसेप्टर थे, मगर अब आधुनिक लेजर तकनीक पर आधारित कैमरों से लैस 11 इंटरसेप्टर शामिल किए गए हैं।
ये इंटरसेप्टर 250 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलने वाले वाहनों की स्पीड को पकड़ने में भी सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि इनसे तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर लगाम लगाई जा सकेगी। साथ ही चालानों की संख्या भी बढ़ेगी। वर्ष 2017 में अभी तक ओवर स्पीडिंग के 52 हजार चालान किए जा चुके हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि लेजर तकनीक से लैस ये इंटरसेप्टर दो सेकेंड में चालान तैयार कर सकेंगे। साथ ही लेन में लगे तेज रफ्तार वाहनों की पहचान कर सकेंगे। इंटरसेप्टर हर तरीके की लाइट में काम कर सकेंगे। साथ ही तेज रफ्तार वाहन की रजिस्टे्रशन नंबर के साथ फोटो ले सकेंगे।