भ्रष्टाचार पर विधानसभा अध्यक्ष का प्रहार, आरडब्ल्यूए की एनओसी के बिना नहीं मिलेगा काम का पैसा
रोहिणी में नई सड़कों और मनोरंजन केंद्रों का हुआ लोकार्पण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि जनता की संतुष्टि के बिना ठेकेदारों को एक भी रुपया नहीं मिलेगा। अध्यक्ष ने नई बनी सड़क, मनोरंजन केंद्र और टॉयलेट ब्लॉक के उद्घाटन के मौके पर यह बातें कही। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और खराब निर्माण कार्य की जांच स्थानीय आरडब्ल्यूए करेंगे। लिखित में आरडब्ल्यूए की रिपोर्ट के आधार पर ही ठेकेदार का भुगतान किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष का इस तरह का पहला और प्रभावी निर्णय रहा है। इससे पूरी दिल्ली में निर्माण में खराब सामग्री इस्तेमाल करने वाले और लापरवाह ठेकेदारों तक कड़ा संदेश जाएगा। रोहिणी में नागरिक सुविधाओं के विस्तार का लोकार्पण करने के दौरान अध्यक्ष ने विभिन्न क्षेत्रों में जनता की सुविधाओं के लिए कई सौगातें दीं। उन्होंने सेक्टर-18 स्थित ग्रीन वैली अपार्टमेंट्स में नवनिर्मित शौचालय और सेक्टर-7 के लोटस अपार्टमेंट्स में एक आधुनिक मनोरंजन केंद्र (रिक्रिएशन सेंटर) का उद्घाटन किया। साथ ही नाहरपुर गांव में गोपाल जनरल स्टोर से जिंदल ट्रेडर्स तक की आरएमसी सड़क और सेक्टर-8 के पॉकेट एफ-15, एफ-16 व एफ-19 (मकान संख्या 24 से 44) की नई सड़कों को भी जनता को समर्पित किया गया।
जवाबदेही और गुणवत्ता पर विशेष फोकस
विधानसभा अध्यक्ष ने सख्त लहजे में कहा कि विकास कार्यों का असली मूल्यांकन केवल उनके निर्माण से नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता और नागरिकों के लिए उनकी उपयोगिता से होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि ठेकेदारों का भुगतान तभी जारी होगा जब स्थानीय निवासी या आरडब्ल्यूए यह प्रमाणित करें कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता के धन का एक-एक रुपया नागरिकों के लिए स्पष्ट और स्थायी लाभ में परिवर्तित होना चाहिए। कार्यक्रम में महापौर प्रवेश वाही भी मौजूद थे।