कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन के चलते जरूरतमंद लोगों को अमर उजाला फाउंडेशन और सहयोगी संस्थाओं की ओर से मदद का सिलसिला शनिवार को बीसवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान लोगों के स्वास्थ्य का खयाल रखते हुए विभिन्न शहरों में कच्ची बस्तियों में रहने वालों सहित प्रवासी मजदूरों को भी पौष्टिक भोजन और अन्य सामग्री बांटी जा रही है।
गाजियाबाद में अमर उजाला फाउंडेशन, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और महाराजा अग्रसेन रसोई द्वारा जरूरतमंद लोगों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। सिविल डिफेंस, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के सहयोग से भोजन के पैकेट लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
मुजफ्फरनगर में फाउंडेशन और समाजसेवी संस्थाओं द्वारा कस्बा शाहपुर में जरूरतमंद लोगों को भोजन व खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।
मेरठ में फाउंडेशन की टीम के साथ विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं नियमित रूप से भोजन वितरण का काम कर रही हैं। बागपत रोड, परतापुर, कंकरखेड़ा, गंगानगर आदि क्षेत्रों के आसपास मलिन बस्ती में भोजन पहुंचाया जा रहा है। छावनी रामलीला कमेटी ने शनिवार को बागपत रोड से भोजन और खाद्य पदार्थों का वितरण किया।
मुख्य संयोजक मोहनलाल गर्ग ने बताया की टीम ने रेलवे रोड, बर्फ खाना, बेगम बाग आदि स्थानों पर भोजन वितरित किया। जन कल्याण वेलफेयर सोसाइटी की टीम ने अध्यक्ष दुष्यंत रोहता के साथ शहर में बागपत रोड, परतापुर, कंकरखेड़ा मोदीपुरम आदि स्थानों पर भोजन वितरित किया। शामली में मां सावित्री हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने स्टाफ के साथ अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले बुढ़ाना रोड पर झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले गरीब परिवारों को राशन का वितरण किया।
भिवानी में अमर उजाला फाउंडेशन के साथ जनकल्याण ट्रस्ट कोलकाता एवं हलवासिया विद्या विहार स्कूल और स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन की मुहिम के तहत प्रवासी मजदूरों को अतिरिक्त पौष्टिक आहार देने की पहल शुरू की गई।