मध्य दिल्ली के प्रसाद नगर इलाके में सोमवार सुबह ड्यूटी पर तैनात हवलदार ने खुद की कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक की शिनाख्त मनोज कुमार (51) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि मनोज पिछले चार-पांच सालों डिप्रेशन का शिकार थे। उनका इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने सोमवार को ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस थाने में मौजूद उनके साथियों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मनोज कुमार परिवार के साथ तिलक नगर इलाके में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी के अलावा 24 वर्षीय बेटी और 22 साल का बेटा है। दोनों ही अभी पढ़ाई कर रहे हैं। मनोज पिछले करीब एक साल से प्रसाद नगर थाने में तैनात हैं। फिलहाल इनकी तैनात समन की तामील कराने की थी।
सोमवार सुबह वह घर से ड्यूटी पर आए। थाने आकर वह पहली मंजिल स्थित अपने कमरे में चले गए। वहां पहुंचकर उन्होंने खुद की कनपटी पर सर्विस पिस्टल से गोली मार ली। थाने में गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। फौरन स्टाफ पहली मंजिल मनोज के कमरे की ओर भागा। अंदर फर्श पर खून से लथपथ मनोज की लाश पड़ी थी।
फौरन मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। औपचारिताएं पूरी करने के बाद मनोज का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने उनका फोन कब्जे में लिया है। इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली मारन से पहले मनोज ने किसी को कॉल तो नहीं किया था।