प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली के कनॉट प्लेस को वाहन मुक्त बनाने के लिए एनडीएमसी अधिकारियों और कारोबारियों की बैठक एक दिन के लिए फिर टल गई है। हालांकि ट्रायल तयशुदा तारीख पर ही होंगे। इसके बावजूद वाणिज्यिक क्षेत्र को पर्यटकों और पैदल चलने वालों के लिए व्हीकल फ्री जोन बनाने की एनडीएमसी की कोशिशों पर कारोबारियों एकमत नहीं हैं।
गौरतलब है कि एनडीएमसी ने व्यापारियों की सुविधा के लिए कनॉट प्लेस में रविवार और सोमवार को वाहनबंदी के दौरान वाहन स्वामियों को थोड़ी राहत देने की बात सोची है। वाहन स्वामियों और व्यापारियों की सुविधा के लिए एनडीएमसी दो रास्ते खोले रखने पर लगभग सहमत हो गई है।
बताया जा रहा है कि जनपथ रोड से वाहनों को प्रवेश और बाबा खड़ग सिंह मार्ग से निकास की सुविधा दी जा सकती है। हालांकि इस विषय में अंतिम फैसला ट्रैफिक पुलिस को करना है।
गौरतलब है कि यहां का कारोबार रोजाना करोड़ों का होता है, लेकिन व्यापारियों का कहना है कि अगर वाहनों पर पाबंदी लगाई जाती है तो प्रदूषण कम होने की बजाय बढ़ सकता है। कारोबारियों का यह भी कहना है कि यह राजधानी का दिल है और पूर्णत: व्यावसायिक क्षेत्र है।
उनकी दलील है कि यहां पैदल चलने वालों के लिए पहले ही सर्कल में करीब 35 फुट जगह है जो देश के किसी भी शहर की तुलना अधिक है। पहले भी कनॉट प्लेस को वाहन मुक्त करने की कोशिशें हो चुकी हैं, लेकिन हर बार विरोध के कारण इस निर्णय को स्थगित करना पड़ा। ब्यूरो