कांग्रेस पार्टी फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में प्रत्याशियों को सिंबल नहीं बांटेगी। हालांकि पार्टी चुनाव में खड़े होने वाले अपने कार्यकर्ताओं को पूर्ण सहयोग करेगी।
यह निर्णय तिगांव विधायक ललित नागर की अध्यक्षता में सोमवार को सेक्टर 16 स्थित हुई जिले के वरिष्ठ कांग्रेसियों की बैठक में लिया गया। बैठक के निर्णय को प्रस्ताव बना कर प्रदेश कांग्रेस आलाकमान को भेजा गया। कहा जा रहा है कि अंतिम निर्णय आलाकमान को लेना है।
अध्यक्ष विधायक ललित नागर ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस परंपरा रही है कि पंचायत, जिला परिषद और नगर निगम चुनाव में शासन-सत्ता का दखल न हो। इन चुनावों में लोग अपने विवेक से जनप्रतिनिधि चुनें ताकि उन्हें अपनी छोटी-बड़ी समस्या का समाधान मनपसंद प्रतिनिधि से पाने में परेशानी न हो।
इसलिए कांग्रेस पार्टी कभी भी यह चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ाती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नोटबंदी का फैसला गलत साबित हुआ। न तो काला धन बाहर आया और न भ्रष्टाचार खत्म हुआ।
भाजपा सरकार के इस निर्णय के खिलाफ लोगों में रोष है, आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। बैठक में पूर्वमंत्री पंडित शिवचरण लाल शर्मा, पूर्वमंत्री एसी चौधरी, पूर्व सीपीएस शारदा राठौर, पूर्व विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक आनंद कौशिक, लखन कुमार सिंगला, मुकेश शर्मा, राजेंद्र भामला ने सिंबल पर चुनाव नहीं लडने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दी।
वरिष्ठ कांग्रेसी गुलशन बग्गा ने बताया कि नगर निगम चुनाव सिंबल पर नहीं लडने का प्रस्ताव पास करके हाईकमान को भेज दिया गया है और जो हाईकमान फैसला लेगा वह मान्य होगा।