आम आदमी पार्टी के कारण दिल्ली की सत्ता से दूर हुई कांग्रेस ने अब खिसक रहे वोट बैंक को फिर से अपनी ओर खींचने की कोशिश में लगी हुई है।
विज्ञापन
दिल्ली में राष्ट्रपति शासन हटने की उम्मीदों और लोकसभा चुनाव के महासंग्राम के बीच मिनी सदन के चुनाव में भी कांग्रेस जाति-बिरादरी का हथकड़ा अपनाने जा रही है।
इसके लिए कांग्रेस ने दिल्ली के तीनों नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के माध्यम से कवायद शुरू की है। इस फंडे के जरिए कांग्रेस जीत की दौड़ में बनी रहना चाहता है।
विज्ञापन
जीत का आंकड़ा कोसों दूर
तीनों नगर निगम में जीत के जादुई आंकड़े से कोसों दूर होने के बावजूद पार्टी चुनाव में ताल ठोंकेगी। इन पदों पर कांग्रेस उन बिरादरियों के पार्षदों को उम्मीदवार बनाएगी, जिसमें उनकी पैठ थी।
तीनों निगम के वर्ष 2012 में हुए चुनाव में कांग्रेस की करारी हार हुई थी। इस चुनाव में भाजपा को उत्तरी और पूर्वी दिल्ली निगम में बहुमत मिला था, लेकिन दक्षिण दिल्ली में वह बहुमत से दूर रह गई थी।
इसके चलते कांग्रेस इस नगर निगम में भाजपा के खिलाफ ताल ठोंक रही है। हालांकि भाजपा निर्दलीय व अन्यों की मदद से इस नगर निगम में मेयर व अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कब्जा करने में सफल हो रही है।
कांग्रेस ने बनाई खास रणनीति
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, हार तय होने के बावजूद वोट बैंक मजबूत करने के लिए पार्टी ने मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई है। इस बार मेयर पद अनुसूचित जाति के पार्षदों के लिए आरक्षित है।
प्रदेश कांग्रेस के एक नेता के अनुसार, तीनों निगम में अनुसूचित जाति के पार्षदों को मैदान में उतारा जाएगा, जबकि डिप्टी मेयर के पद पर मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के पार्षदों पर दांव खेला जाएगा।
बीजेपी और AAP से मिल रहे चुनावी झटके के बीच मिनी सदन के चुनावों में कांग्रेस का यह दांव कितना कारगर होगा यह गौर करने वाली बात होगी।
कांग्रेस उत्तरी दिल्ली नगर निगम में मेयर पद के लिए अरुणा कुमारी, प्रमाभाई सोलंकी, पृथ्वी सिंह राठौर, प्रेरणा सिंह आदि और डिप्टी मेयर के लिए सीमा ताहिरा में से किसी को मौका देगी।
वहीं, दक्षिण दिल्ली में पार्टी मेयर पद के लिए माया देवी, दर्शना जाटव, कैप्टन नरेंदर कौर और डिप्टी मेयर पद पर अमृता धवन, प्रवीन राणा, अंजू सहवाग, शोएब दानिश, विरेंद्र कसाना आदि के नामों पर विचार कर रही है।
पूर्वी दिल्ली में मेयर पद पर अंजना पारचा, रतन सिंह पंवार और डिप्टी मेयर के लिए जाकिर खान, गुरचरण सिंह राजू आदि के नाम सूची में शामिल हैं।