कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने सोमवार को ‘देश की एकता के लिए सत्याग्रह’ किया तथा इस मौके पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता मोदी को भारत माता की आवाज नहीं दबाने देगी। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा राहुल गांधी समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं ने इस सत्याग्रह में भाग लिया। जानिए अपडेट-
सत्याग्रह में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस देश की जनता मोदी को संविधान पर आक्रमण और भारत माता की आवाज को दबाने नहीं देगी। महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर कांग्रेस के सत्याग्रह में राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि देश की उन्नति को नष्ट करने का जो काम भारत के दुश्मन भी नहीं कर पाए वो काम करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पूरी ताकत लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश एक आवाज होता है और आज हमने जो संविधान की प्रस्तावना पढ़ी है वो हिंदुस्तान की जनता की आवाज थी। इस आवाज ने अंग्रेजों को भारत से भगाया। प्यार और शांति से यह किया। उसी आवाज ने हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को खड़ा किया और करोड़ों युवाओं को रोजगार दिया। इस आवाज के बिना हिंदुस्तान नहीं रह सकता।
सीएए के खिलाफ आंदोलन में 'शहीद' लोगों की शपथ लेते हैं, हम संविधान की रक्षा करेंगे: प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को कहा कि वह और उनकी पार्टी के लोग नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आंदोलन में 'शहीद' हुए लोगों के नाम पर संकल्प लेते हैं कि वे संविधान की रक्षा करेंगे। राजघाट पर कांग्रेस की ओर से आयोजित सत्याग्रह में प्रियंका ने संविधान की प्रस्तावना हिंदी में पढ़ी। प्रस्तावना पढ़ने से पहले उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून विरोधी प्रदर्शन के दौरान मारे गए उत्तर प्रदेश के दो युवकों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, बिजनौर का 22 साल का अनस कॉफी की मशीन चलाकर परिवार चलाता था। हाल में उसकी शादी हुई थी। 21 वर्षीय सुलेमान यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। उसकी मां ने कल मुझसे कहा कि मेरा बेटा देश के लिए शहीद हुआ है। जो लोग इस आंदोलन में शहीद हुए हैं उन सबके नाम हम संकल्प लें कि हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे और इसकी रक्षा करेंगे।
एके एंटनी और विजेंद्र सिंह ने भी पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी और विजेंद्र सिंह ने भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी।
मीरा कुमार बोलीं- जब आजादी की लड़ाई लड़ी जा रही थी तब नागरिकता पूछने वाले गायब थे
लोकसभा की पूर्व स्पीकर और कांग्रेस नेता मीरा कुमार ने भी प्रस्तावना पढ़ी। उन्होंन कहा कि इस देश को आजाद कराने में में दलितों, गरीबों और हर धर्म के लोगों ने अपनी भूमिका निभाई थी और कुर्बानी भी दी थी। उस समय किसी ने उनसे नागरिकता नहीं पूछी थी लेकिन आज ऐसा क्या हो गया जो नागरिकता पूछी जा रही है। आज जो नागरिकता पूछ रहे हैं वो कुर्बानी के समय गायब थे। संविधान का निर्माण अंबेडकर जी, गांधी जी नेहरू जी ने बनाया है। कांग्रेस की आत्मा ने बनाया है, हम इस पर आंच नहीं आने देंगे।
हम सभी सीएए के खिलाफ हैं- बाला साहब थोराट
महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता बाला साहेब थोराट ने कहा महाराष्ट्र संतों की भूमि है। यहां शिवाजी से लेकर अंबेडकर तक महानायक हुए हैं। थोराट ने कहा कि महाराष्ट्र ने कभी धर्म के नाम पर बांटने का काम नहीं किया और आज भी नागरिकता कानून के खिलाफ खड़ा है।
प्रधानमंत्री मोदी आरएसएस के एजेंडे पर काम कर रहे- गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि नागरिकता कानून के कारण लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इसे लेकर गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र का एजेंडा आरएसएस का एजेंडा है, वो देश को बांटना चाहते हैं। गहलोत ने कहा हम उनसे मुकाबला करने को तैयार हैं और पूरा देश भी। साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रदेश में नागरिकता कानून लागू नहीं करेंगे। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना को भी पढ़ा।
एमपी में लागू नहीं होगा नागरिकता कानून
सत्याग्रह में शामिल हुए एमपी के सीएम कमलनाथ ने कहा कि एमपी में नागरिकता कानून लागू नहीं होगा। कांग्रेस सरकार इसे लागू नहीं करेगी।
सोनिया मनमोहन के बाद राहुल ने भी पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी है।
सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
सत्याग्रह में सबसे पहले बोलते हुए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। सोनिया गांधी के बाद डॉ. मनमोहन सिंह ने भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। इन दोनों नेताओं ने अंग्रेजी में ही प्रस्तावना पढ़ी।
वंदे मातरम गान से शुरू हुआ सत्याग्रह
सोनिया गांधी के राजघाट पहुंचने के बाद वंदे मातरम गाया गया और इसके बाद औपचारिक रूप से कांग्रेस का सत्याग्रह शुरू हो गया। यहां प्रथम पंक्ति में सोनिया, राहुल और डॉ. मनमोहन सिंह बैठे हैं।
राहुल गांधी पहुंच चुके हैं, सोनिया गांधी का है इंतजार
इस वक्त राजघाट पर राहुल, प्रियंका और डॉ. मनमोहन सिंह समेत तमाम बड़े कांग्रेसी नेता राजघाट पर इकट्ठा हो गए हैं। इस वक्त भजन का कार्यक्रम चल रहा है। सोनिया गांधी के पहुंचते ही यहां पर संविधान पाठ का कार्यक्रम शुरू हो सकता है।