देवेंद्र यादव ने भाजपा पर फर्जी फार्म-7 भरकर जिंदा लोगों के नाम कटवाने का लगाया आरोप
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने एसआईआर प्रक्रिया के बीच मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक कुमार के तबादले पर सवाल उठाते हुए इसे सरकार की कार्यशैली और मंशा पर संदेह पैदा करने वाला कदम बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान 47.56 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए। मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के कई बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) ने कथित तौर पर फर्जी फार्म-7 भरकर जीवित लोगों को मृत घोषित करते हुए उनके नाम मतदाता सूची से हटवाने की साजिश रची।
देवेंद्र यादव का आरोप है कि नाम काटने और उन्हें दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया के दौरान भाजपा के बीएलए की कथित भूमिका सामने आ रही है। ऐसे समय में मुख्य चुनाव अधिकारी का तबादला करना जवाबदेही से बचने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि नाम हटाने से पहले चुनाव अधिकारियों और बीएलओ ने संबंधित मतदाताओं की मौत की पुष्टि क्यों नहीं की? देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं के नामों की जांच के दौरान हटाए गए नामों को अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों में रखने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में अधिकारी बदलने से एसआईआर की पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका है।