मनुस्मृति और आरएसएस की पोशाक जलाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमान और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में मंगलवार को केशव कुंज स्थित आरएसएस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. उदित राज ने किया।
डॉ. उदित राज ने कहा कि खरगे का जाति के आधार पर कथित अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज और संविधान में निहित समानता, गरिमा और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर हमला है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विरोध को दबाने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने डॉ. उदित राज समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें पहाड़गंज थाने ले जाया गया। उदित राज ने कहा कि हिरासत और कार्रवाई से संविधान, सामाजिक समानता और न्याय की लड़ाई कमजोर नहीं होगी, बल्कि कांग्रेस इसे और मजबूती से उठाएगी।