गुड़गांव में मल्टीलेवल पार्किंग के लिए कमान सराय स्थित कांग्रेस का भवन को तोड़ा जाएगा। इसके साथ ही यहां दूसरे प्रतिष्ठानों को भी तोड़ने की तैयारी की जा रही है।
नगर निगम ने भार्गव पैलेस के सामने बनी दुकानों सहित कमान सराय के भवन मालिकों को नोटिस जारी कर आगामी कार्रवाई से अवगत करा दिया है।
लंबे समय से शहर में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। पिछले दिनों नगर निगम ने पार्किंग के डिजाइन और एस्टीमेट आदि पर चर्चा कर पार्किंग निर्माण की मंजूरी के लिए सरकार को फाइल भेज दी है।
कब्जा कर के बनाया गया था कार्यालय
मंजूरी मिलने तक निगम पार्किंग के लिए चिह्नित जगह को कब्जा मुक्त करने की तैयारी में है।
मल्टीलेवल पार्किंग के लिए निगम ने कमान सराय की साढ़े तीन एकड़ जमीन का चयन किया है। निगम के नायब तहसीलदार दीपचंद यादव ने बताया कि पार्किंग के लिए चयनित जमीन में कांग्रेस भवन भी है।
चूंकि यह जमीन निगम की है, तो कांग्रेस भवन को जाहिर तौर पर तोड़ा जाएगा।
15 दिन पहले तोड़ने आए थे लेकिन तब...
नगर निगम की ओर से भार्गव पैलेस के सामने बनी 32 दुकानों के मालिकों को नोटिस दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि निगम की कार्रवाई से पहले दुकानों को स्वयं खाली कर लें।
निगम के नायब तहसीलदार दीपचंद यादव ने कहा कि हालांकि आगामी कार्रवाई की तारीख तय नहीं की गई है। दीपचंद के अनुसार, अगर किसी दुकानदार को कोई आपत्ति है तो वह निगमायुक्त के सामने अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है।
बता दें कि करीब 20 दिन पहले नगर निगम आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार के नेतृत्व में दस्ता यहां तोड़फोड़ करने पहुंचा था, लेकिन लोगों के विरोध के बाद दस्ते को लौटना पड़ा था।