एमसीडी की सत्ता के लिए राजनीतिक दल अपने-अपने वादे लेकर सामने आ रहे हैं। कांग्रेस कूड़ा प्रबंधन में कई यूनिक आइडिया जनता के बीच लेकर आई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन, प्रभारी पीसी चाको और पूर्व मंत्री जयराम रमेश ने कूड़ा प्रबधंन व पर्यावरण के रोडमैप को घोषणा पत्र में शामिल करने की बात कही है।
कांग्रेस सत्ता मिलने पर दो साल में बिना कर बढ़ाए एमसीडी को आत्मनिर्भर बनाने का दावा कर रही है। वहीं कूड़ा प्रबंधन व पर्यावरण रक्षा में साथ देने वालों को प्रोत्साहन भी देगी। क्षेत्रीय स्तर पर कूड़ा निपटारे के लिए शून्य कूड़ा व सीवर पानी निकासी व्यवस्था खुद करने पर ग्रुप हाउसिंग सोसायटी और कामर्शियल सेंटर को गृहकर में छूट और पार्किंग बनाने में अतिरिक्त एफएआर देगी।
सत्ता में आने पर हर वार्ड को चार हिस्से व दिल्ली को 1200 हिस्सों में बांटकर एक स्वतंत्र एजेंसी से स्कोरिंग कराएगी। जिसकी ज्यादा स्कोर रैंकिंग होगी, उस हिस्सों को उसी स्तर की छूट गृहकर में देगी। कांग्रेस हर तिमाही में एमसीडी के राजस्व और खर्च की रिपोर्ट जनता के बीच जारी करेगी।
कांग्रेस हर वार्ड में प्रशासन की एजेंसियों के लिए कॉमन मिनिमम प्लान क्षेत्रीय लोगों की सहायता से बनाएगी। इसमें स्वच्छता मूल्य श्रृंखला बनाई जाएगी। हर एजेंसी के कार्य निर्धारित होंगे। एक निर्धारित संख्या में मानसून के पहले पौधारोपण जरूरी होगा।