पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बृहस्पतिवार को दिए गए बयान पर कांग्रेस नेता शुक्रवार को दिनभर सफाई देते रहे। कांग्रेस नेताओं के बीच यह चर्चा रही कि आखिर पूर्व मुख्यमंत्री ने इस तरह का बयान क्यों दिया? इससे पार्टी को आगामी चुनाव में नुकसान हो सकता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने कहा है कि आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का कोई सवाल ही नहीं उठता। आम आदमी पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो सरकार बीच में छोड़कर भागी थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने यहां तक कह दिया कि आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का बयान शीला दीक्षित का निजी बयान हो सकता है। पार्टी ने उन्हें किसी तरह का बयान देने को अधिकृत नहीं किया है।
पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने कहा है कि कांग्रेस तो आगामी विधानसभा चुनाव जीत केलिए लड़ रही है। अभी से किसी पार्टी को समर्थन देने की बात कहां से आ सकती है।
कांग्रेस सरकार बनाने लायक सीटें जीतेगी। आम आदमी पार्टी को समर्थन देने की राय शीला दीक्षित की निजी राय हो सकती है।