मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनीतिक दलों ने अपने स्टार कैंपेनर की सूची तैयार कर ली है। सभी दलों ने शीर्ष नेताओं से लेकर स्थानीय नेताओं व सामाजिक हस्तियों के साथ फिल्म सितारों को भी इस सूची में जगह दी है।
हालांकि दिल्ली में कांग्रेस ने चुनावी कैंपेन के लिए सिर्फ अपने वरिष्ठ नेताओं पर भरोसा जताया है। पार्टी में फिल्मी सितारे होने के बाद भी उन्हें इस सूची में जगह नहीं मिली है।
कांग्रेस की सूची में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, अहमद पटेल जैसे शीर्ष नेताओं के अलावा दिल्ली के स्थानीय नेताओं को जगह मिली है। कांग्रेस बस फिल्मी सितारे ही नहीं बल्कि अपनी मेरठ की उम्मीदवार अभिनेत्री नगमा, क्रिकेटर अजहरुद्दीन जैसे सितारों को इसमें जगह नहीं दी है।
बीजेपी के लिए वोट मांगने आएंगे ये सितारे
जहां एक ओर कांग्रेस अपने उन उम्मीदवारों को भी पार्टी के प्रचार का जिम्मा नहीं दिया है, जो फिल्मी दुनिया से होते हुए पॉलिटिक्स में आए हैं, वहीं बीजेपी के लिए कई स्टार दिल्ली में वोट मांगते दिखेंगे।
वहीं बीजेपी की सूची में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी, लालकृष्ण आडवाणी, शांता कुमार जैसे दिग्गज नेताओं के साथ सितारों को भी जगह दी गई है।
इसमें किरण खेर, स्मृति ईरानी, विनोद खन्ना, नवजोत सिंह सिद्धू, हेमा मालिनी जैसे नाम शामिल हैं। यह दिल्ली व इसके बाहर चुनाव करेंगे।
आप भी लेगी फिल्मी सितारों का सहारा
वहीं ‘आप’ के लिए वोट मांगने वालों की सूची में नेताओं के साथ फिल्मी सितारे भी शामिल होंगे।
अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और कुमार विश्वास के अलावा दिल्ली में आप के लिए बॉलीवुड के गुल पनाग, जावेद जाफरी, विशाल डडलानी, रब्बी शेरगिल, प्रवीण कुमार (भीम) वोट मांगते नजर आएंगे।
इसी तरह तृणमूल कांग्रेस के लिए ममता बनर्जी के अलावा मिथुन चक्रवर्ती भी दिल्ली में प्रचार करते नजर आएंगे। जबकि बसपा से मायावती के अलावा उनकी पार्टी के सिपहसलार ही दिल्ली में स्टार प्रचारक के तौर पर पार्टी के लिए वोट मांगेगे।