-ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेज फेडरेशन ने दिल्ली सरकार को भेजा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेज फेडरेशन (एआईजीएनएफ) दिल्ली सरकार के कुछ अस्पतालों द्वारा नर्सिंग और ड्रेस भत्ते में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी के आदेश को गलत तरीके से लागू करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर फेडरेशन ने प्रधान सचिव (स्वास्थ्य), दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर तुरंत स्पष्टीकरण जारी करने की मांग की है।
फेडरेशन के अनुसार, केंद्र सरकार के 31 अगस्त 2017 और 23 अप्रैल 2018 आदेश के अनुसार जब महंगाई भत्ता (डीए) 50 प्रतिशत हो जाएगा, तो नर्सिंग भत्ता और ड्रेस भत्ता 25 प्रतिशत बढ़ जाएगा। ऐसे में डीए 50 प्रतिशत का स्तर एक जनवरी, 2024 को पूरा हो गया था, इसलिए बढ़ा हुआ भत्ता भी एक जनवरी, 2024 से ही मिलना चाहिए था। दिल्ली सरकार ने भी इस आदेश को चार अगस्त 2025 को लागू किया था। लेकिन, फेडरेशन का कहना है कि दिल्ली सरकार के अधीन कुछ अस्पतालों ने इस आदेश को गलत समझते हुए बढ़ा हुआ भत्ता एक जुलाई, 2024 से दिया है। इससे नर्सों को एक जनवरी से 30 जून 2024 तक यानी छह महीने का पैसा नहीं मिला, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ।
फेडरेशन की प्रधान सचिव अनिता पंवार और अध्यक्ष रिंकी डांग ने मांग की है कि सभी अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश दिया जाए कि 25 प्रतिशत बढ़ोतरी एक जनवरी, 2024 से ही मान्य है। जिन अस्पतालों ने एक जुलाई 2024 से लागू किया है, वे तुरंत अपनी गलती सुधारें। सभी पात्र नर्सों को एक जनवरी से 30 जून, 2024 तक का बकाया एरियर दिया जाए। पूरे दिल्ली में एक समान नियम लागू हो, अलग-अलग व्याख्या न हो।