200 से अधिक प्रदर्शक, जल क्षेत्र के पेशेवर और तकनीकी विशेषज्ञ हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित ईएडब्ल्यू ग्लोबल एक्वा एक्सपो 2026 के तीन दिवसीय आयोजन का समापन हो गया। अंतिम दिन जल क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों, तकनीकी कंपनियों, यूटिलिटी, ईपीसी कंपनियों, सलाहकारों, निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी रही। अर्थ वाटर फाउंडेशन की ओर से और एसोचैम के लीड इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में आयोजित एक्सपो के 21वें संस्करण में कारोबार, तकनीकी प्रदर्शन, ज्ञान-विनिमय और बाजार तक पहुंच से जुड़े अवसरों पर जोर रहा। एक्सपो की थीम ‘शेपिंग द फ्यूचर ऑफ वाटर थ्रू इनोवेशन, सस्टेनेबिलिटी एंड कोलैबोरेशन’ रही।
आखिरी दिन ईएडब्ल्यू वाटर एकेडमी के तहत ‘ईटीपी, एसटीपी एंड जेडएलडी डिजाइन कैलकुलेशन एंड ट्रबलशूटिंग’ विषय पर तकनीकी मास्टरक्लास आयोजित किया गया। डॉ. लोकेश कुमार के नेतृत्व में हुए इस सत्र में प्लांट इंजीनियरों, ऑपरेटरों, सलाहकारों, ईपीसी टीमों, यूटिलिटी और नगर निकाय के कर्मचारियों, औद्योगिक जल प्रबंधकों, युवा पेशेवरों और शोधकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सत्र में डिजाइन कैलकुलेशन, प्लांट की तकनीकी समस्याओं के समाधान, अनुपालन और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई।
तीन दिनों के दौरान एक्सपो में बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकों और तकनीकी साझेदारी पर भी जोर रहा। ग्लोबल वाटर बिजनेस लाउंज में यूटिलिटी, ईपीसी कंपनियों, निवेशकों और निर्यातकों के लिए बी2बी बैठकों का मंच उपलब्ध कराया गया। गवर्नमेंट एंड फैसिलिटेशन हब और एसईपीसी एक्सपोर्ट प्रमोशन एंड मार्केट इंफॉर्मेशन टेबल के जरिए बाजार और निर्यात से जुड़े अवसरों पर संवाद हुआ। वहीं इनोवेशन स्पॉटलाइट एरीना में नई तकनीकों, उत्पादों और स्टार्टअप समाधानों का प्रदर्शन किया गया, जिससे तकनीकी कंपनियों को संभावित खरीदारों और निर्णय लेने वाले उद्योग प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिला।