न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित
ग्रेटर नोएडा(संवाद)। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार ने गेहूं खरीद केंद्रों पर सभी आवश्यक संसाधनों और क्रय उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारी नियमित रूप से उपस्थित रहें और समय पर खरीद पूरी करें। वे बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई कार्यशाला में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजित प्रताप सिंह ने बताया कि गेहूं खरीद 30 मार्च से 15 जून तक होगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, जिसके साथ 20 रुपये अतिरिक्त देय होंगे। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए fcs.up.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। इस अवसर पर जिला सहकारी अधिकारी विवेक सिंह, सभी मंडी सचिव और गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।