- आइसा-एसएफआई के उम्मीदवार ने डूसू चुनाव आयोग को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आइसा-एसएफआई के डूसू चुनाव के संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने डूसू चुनाव आयोग को लिंगदोह समिति के नियमों के उल्लंघन के संबंध में शिकायत दी है। अभिषेक के अनुसार इस चुनाव में कुछ उम्मीदवारों द्वारा डूसू संविधान एवं लिंगदोह समिति द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। इस पर अविलंब करवाई की जाए।
उन्होंने शिकायत पत्र में लिखा कि विश्वविद्यालय परिसर में खुलेआम पर्चे उड़ाए जा रहे हैं। महंगी-महंगी गाड़ियों से रैलियां की जा रही हैं। छात्रों को लुभाने के लिए पीजी, हॉस्टल कैंपेन के दौरान चॉकलेट, फ्रूटी, बिस्किट जैसी वस्तुएं बांटी जा रही हैं। कैंपस के विभिन्न पटरियों वाले दुकानदारों को प्रिंटेड छतरियां बांटी जा रही हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर अनावश्यक खर्च और दिखावा किया जा रहा है जो कि चुनाव आचार संहिता और लिंगदोह समिति की सिफारिशों का सीधा उल्लंघन है। इन सभी गतिविधियों से चुनाव की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और समान अवसर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्यवाही की मांग की है।