आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के खिलाफ भ्रष्टाचार और टैक्स चोरी के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में शिकायत की है। पार्टी का आरोप है कि केंद्रीय मंत्री ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम की मिलीभगत से करोंड़ो रुपये की टैक्स चोरी की है।
शुक्रवार को दिल्ली प्र्रदेश संयोजक ने एसीबी में आपराधिक शिकायत दी है। बाद में मीडिया से बात करते हुये दिलीप पांडेय ने कहा शिकायत में गोयल और उनके बेटे सिद्धांत गोयल पर टैक्स बचाने के लिए ताकत के इस्तेमाल का मामला बनता है।
नगर निगम के मेयर ने विजय गोयल के साथ मिलकर सिद्धांत गोयल के मालिकाना हक वाली बिल्डिंग को पार्किंग चार्ज से बचाया। वहीं, विजय गोयल ने इस मामले में जानकारी भी छिपायी।
बकौल दिलीप पांडेय, विजय गोयल ने अधिकारियों के साथ मिलकर तथाकथित हैरिटेज बिल्डिंग्स को कंवर्जन और पार्किंग चार्ज से बचाने के लिए अवैध फैसले को आगे बढ़ाया। पहले से घाटे में चल रहे एमसीडी को इससे करीब 25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
इसकी शिकायत एसीबी में की गई। अगर जल्द ही इस पर कार्रवाई नहीं होती तो पार्टी दूसरे कानूनी तरीकों का भी इस्तेमाल करेगी।