फरीदाबाद नगर निगम ने फास्ट ट्रैक की 23 शहरों में शामिल होने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार देर रात राज्य सरकार ने नई कंसलटेंट कंपनी को नियुक्त कर दिया है।
ये वहीं कंपनी है जिसने टॉप 20 की स्मार्ट सिटी की लिस्ट में तीसरे नंबर पर रहे जयपुर का प्रपोजल तैयार किया है। नई कंपनी 22 फरवरी के बाद काम शुरू कर देगी। निगम नई कंसलटेंट कंपनी के साथ मिल कर नए तरीके से प्रपोजल बनाएंगा।
पंचकुला में बुधवार की देर रात आयोजित बैठक के दौरान स्मार्ट सिटी प्रपोजल बनाने के लिए नई कंसलटेंट कंपनी को नियुक्त करने पर चर्चा हुई। इस बैठक में तीन कंसलटेंट कंपनियां शामिल हुई थी। तीनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपना प्रेजेंटेशन दिखाया और कंसलटेंट फीस के बारे में जानकारी दी।
सरकार की ओर से जयपुर का प्रपोजल तैयार करने वाली ईएल एंड वाई कंपनी को फाइनल किया गया। नगर निगम अधीक्षण अभियंता डीआर भास्कर ने बताया कि कंपनी के साथ 27 लाख रूपये में प्रपोजल तैयार करने का समझौता हुआ है।
जिसमें नए तरीके से प्रपोजल तैयार किया जाएगा। ज्ञात हो कि इससे पहले पुरानी कंसलटेंट कंपनी ने 8 लाख 33 हजार रुपये में स्मार्ट सिटी प्रपोजल तैयार किया था। जिसमें 1664 एकड़ जमीन को चिन्हित किया था। जो हाइवे के दोनों तरफ का एरिया कवर करता है।
इसमें सेक्टर 28, 29, 19, 16 जो ओल्ड फरीदाबाद की तरफ आते हैं। इसके अलावा हाइवे के दूसरी तरफ यानी बडख़ल विधानसभा में सेक्टर 21ए, 21डी, 21सी व 27 ए इंडस्ट्रियल एरिया को शामिल गया था। इन सभी सेक्टर के अंदर आने वाले तमाम कॉलोनियों व बाजारों का आने वाले समय में विकसित करने का प्लान तैयार किया गया था।
इसमें टूरिस्ट स्पॉट के रूप में केवल बडख़ल झील को शामिल किया गया। जबकि पैन सिटी पूरे शहर में लागू करने का प्लान था। इसके लिए कंपनी ने 1486 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया था।
जयपुर का बेहतरीन प्रपोजल बनाया है नई कंपनी:
-निगम एसई भास्कर ने बताया कि ईएल एंड वाई कंपनी ने जयपुर का प्रपोजल बेहतरीन तरीके से तैयार किया था। इस कंपनी की खासियत ये है कि ये अपना काम विस्तार से करती है। अगर जयपुर के प्रपोजल पर नजर डाली जाए तो इसने ट्रांसपोर्ट, टूरिज्म पर ज्यादा जोर दिया है।
ट्रांसपोर्ट को उसने विस्तार से बताया कि इसमें पब्लिक बाइक शेयरिंग का इस्तेमाल करेंगे जिससे प्रदूषण कम होगा। कंपनी ने रेट्रोफिटिंग में 706 एकड़ की जगह को चिन्हित किया और इसमें 1667 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट बनाने का प्रावधान रखा।
जिसमें उसने एरिया बेसड डिवेलपमेंट पर 1222 करोड़ रूपये, पैन सिटी वन के लिए 104 और पैन सिटी टू सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए 304 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है। उन्होंने बताया कि नई कंपनी आगामी 22 फरवरी से काम करना शुरू कर देगी। निगम भी नए प्रपोजल बनाने के लिए तैयार है। उम्मीद है कि फास्ट ट्रैक के 23 शहरों की सूची में फरीदाबाद जरूर शामिल होगा।