इस तरह रहा तापमान
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम केंद्र पर अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज हुआ। जबकि रिज केंद्र पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजघाट इलाके में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
क्यों चली ठंडी हवा
बीते कई दिनों से तापमान 32 डिग्री से ऊपर चल रहा था। बीते बुधवार को इस सीजन का सबसे अधिक 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। लेकिन बृहस्पतिवार से चल रही तेज हवाओं के कारण तापमान में कमी होने लगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद यह ठंडी हवा चली है, जिसके असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अमूमन 31 मार्च तक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री दर्ज किया जाता है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा तापमान
अब 31 मार्च से इन हवाओं का असर समाप्त होगा और तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। सोमवार तक तापमान 34-36 डिग्री तक पहुंच जाएगा। वहीं अप्रैल की शुरूआत में तापमान 39 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। तब अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। अभी कोई पश्चिमी विक्षोभ दस्तक नहीं दे रहा और ना ही बारिश का अनुमान है।