छह साल की मासूम से पिता करता था अश्लीलता
बुराड़ी इलाके में एक शख्स अपनी छह साल की बेटी के साथ अश्लील हरकत कर रहा था। मासूम इलाज के लिए डॉक्टर के पास गई तो उसने डॉक्टर को सारी बात बताई। डॉक्टर ने ही अस्पताल से पुलिस को खबर दी। बाद में पुलिस ने मासूम से बातचीत के बाद पिता पर प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक मासूम परिवार के साथ बुराड़ी इलाके में रहती हैं। मासूम पास के एक निजी स्कूल में एलकेजी की छात्रा है। यह बात उसने मां को बताई तो मां ने पिता से दूर रहने के लिए कहा था। इस बीच छह मार्च को मां बेटी को लेकर चाचा नेहरू अस्पताल पहुंची। मासूम का कुछ चेकअप होना था।
डॉक्टर ने मासूम को विश्वास में लेकर उससे बातचीत की तो मासूम ने अपने पिता के बारे में बताना शुरू किया। जब यह साफ हो गया कि पिता मासूम के साथ गंदी हरकत कर रहा है तो डॉक्टर ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया। अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।