दादरी के जीटी रोड स्थित मदरसे के सामने सीएनजी कार में वेल्डिंग करते समय आग लगने से एक बच्चे सहित तीन लोग झुलस गए। पुलिस को कार से आतिशबाजी मिली है।
पुलिस के अनुसार, मदरसा इस्लामिया के सामने भूरा की दुकान है। शुक्रवार शाम को वह सीएनजी एस्टीम कार में वेल्डिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई जिससे भूरा समेत गाड़ी के पास खड़े चांद मस्जिद निवासी नौशाद व शादाब (10) झुलस गए।
नौशाद की भूरा के बगल में ही कबाड़ की दुकान है। वहीं, शादाब किसी काम से भूरा के पास आया था। पुलिस ने तीनों को दादरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस को कार से शादियों में प्रयोग होने वाली अतिशबाजी बरामद हुई है। गाड़ी मालिक का पता नहीं लगा है। कोतवाल बीपी मलिक ने बताया कि गाड़ी में आग शादी में प्रयोग होने वाली अतिशबाजी से लगी है। पीड़ित ने अभी तहरीर नहीं दी है।