दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर सीएनजी व पीएनजी उपभोक्ताओं की जेबें ढ़ीली करने की शुरूआत हो गई है। सीएनजी और पीएनजी के बढ़े हुए दाम शुक्रवार आधी रात से लागू हो जाएंगे।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने राजधानी में सीएनजी की एक किलो की कीमत में 2.95 रुपये और नोएडा, ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद में 3.35 रुपये का इजाफा किया है।
वहीं, दिल्ली में दो माह में 36 क्यूबिक मीटर (एससीएम) तक की पीएनजी खपत पर एक रुपये प्रति एससीएम और गाजियाबाद, नोएडा व ग्रेटर नोएडा में 1.10 रुपये प्रति एससीएम कीमत बढ़ाई गई है। इससे ज्यादा की खपत पर राजधानी के उपभोक्ताओं को 48 रुपये प्रति एससीएम व एनसीआर में 48.75 रुपये देने होंगे।
...तो ऐसे में कम खर्च होंगे पैसे!
आईजीएल प्रवक्ता का कहना है कि सीएनजी और पीएनजी की इनपुट लागत में इजाफा हुआ है। उपभोक्ताओं को अब दिल्ली में एक किलो सीएनजी के लिए 38.15 और नोएडा, ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद में 43.50 रुपये देने होंगे।
वहीं, एक एससीएम पीएनजी के लिए दिल्ली में 25.50 व एनसीआर में 27.30 रुपये चुकाने होंगे। यह कीमत दो महीने में 36 एससीएम खपत करने वाले उपभोक्ताओं को देनी होगी।
इससे ज्यादा पर दिल्ली में एक एससीएम पर 48 व एनसीआर में 48.75 रुपये लगेंगे।
दो महीने पहले मिली थी राहत
बता दें कि फरवरी में कीमतों में भारी कटौती का ऐलान करते हुए आईजीएल ने बड़ी राहत दी थी। इससे सीएनजी की कीमत में 30 और पीएनजी में 20 फीसदी की गिरावट आई थी।
वहीं, एलपीजी गैस की कीमत स्थिर है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को थोड़ी महंगी गैस मिलेगी, लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। बढ़ी कीमतों से ऑटो की ईंधन लागत प्रति किमी आठ पैसे, टैक्सी की 13 पैसे व बसों की 80 पैसे बढ़ जाएगी।
सीएनजी के दाम
शहर------वृद्धि---नई दर
दिल्ली-----2.95--38.15
नोएडा-----3.35--43.50
ग्रेटर नोएडा-3.35--43.50
गाजियाबाद-3.35--43.50
(नोट: कीमत प्रति किग्रा में)