प्राकृतिक घरेलू गैस की कीमतों में कटौती के बाद इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में कटौती की घोषणा की है। दिल्ली में सीएनजी की दर 60 पैसे व गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 70 पैसे प्रति किलो सस्ती की गई हैं। यह दरें बुधवार रात 12 बजे से लागू मानी जाएंगी। दिल्ली में अब सीएनजी 37.55 और यूपी में 42.80 रुपये प्रति किलो मिलेगी। इससे सीएनजी से चलने वाले आठ लाख वाहन मालिकों को लाभ मिलेगा।
आईजीएल प्रवक्ता के मुताबिक दिल्ली में पीएनजी की कीमतों में 60 पैसे प्रति एससीएम की कमी की गई है। अब पीएनजी दो महीने में 36 एससीएम तक प्रति एससीएम 24.90 रुपये देने होंगे। हालांकि 36 एससीएम से अधिक खर्च करने वालों के लिए पीएनजी सस्ती नहीं की गई है। इसी तरह से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के उपभोक्ताओं को पीएनजी में प्रति एससीएम 75 पैसे कम देने पड़ेंगे। पहले प्रति एससीएम 27.30 रुपये चुकाने होते थे उसकी जगह अब 26.65 रुपये चुकाने होंगे। पीएनजी कीमतों में कमी का लाभ 5.50 लाख परिवारों को मिलेगा।
आईजीएल के प्रबंध निदेशक नरेंद्र कुमार का कहना है कि इससे पहले मई, 2014 में गैस कीमतें बढ़ाई गईं थीं। सीएनजी कीमतों में कमी के बाद पेट्रोल के मुकाबले सीएनजी से वाहन परिचालन में 55 फीसदी की बचत होगी। डीजल वाहनों के मुकाबले यह 22 फीसदी सस्ता पड़ेगा।