मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जनवरी को नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो रूट पर सेक्टर-137 से डिपो स्टेशन तक मेट्रो में सफर कर इस सेक्शन का उद्घाटन करेंगे। तैयारी का जायजा लेने के लिए सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ केके गुप्त व उनके साथ अधिकारियों की टीम ने परी चौक से डिपो स्टेशन तक सफर किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने हर स्टेशन पर उतर कर सुरक्षा व साफ-सफाई देखी।
गुप्त ने डिपो से नॉलेज पार्क और वहां से वापस डिपो तक सफर किया। सभी स्टेशनों पर रुककर वहां व्यवस्था देखी। मेट्रो स्टेशनों के नीचे पार्किंग का भी इंतजाम देखा। वे डिपो स्टेशन तक गए। उन्होंने मेट्रो के कार्यक्रम की तैयारी पूरी होने की बात कही। एसीईओ ने मेट्रो स्टेशनों के नीचे सड़कों, साफ-सफाई का भी जायजा लिया। मेट्रो लाइन के नीचे बने सेंट्रल वर्ज को चमकाने का निर्देश दिया।
गोल चक्करों को भी दुरुस्त करने को कहा। टूटे रास्तों को शीघ्र रिपेयर करने के निर्देश दिए। सीएम योगी मेट्रो को हरी झंडी दिखाने के बाद डिपो स्टेशन से ही ईकोटेक छह में टेग्ना का शिलान्यास करने इसी मार्ग से जाएंगे। इसे देखते हुए पूरे रास्ते को चमकाने का काम जारी है। कार्यक्रम स्थल के आसपास सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त करने को कहा गया है।