प्रयागराज में चल रहे विश्व के सबसे बड़े धार्मिक मेले यानी कुंभ में अगर आप किसी कारणवश शामिल नहीं हो पा रहे हैं तो निराश न हों। उत्तर प्रदेश सरकार और अमर उजाला आपके पास के शहर में ला रहा है 'कुंभ महापर्व यात्रा।' इसमें शामिल होकर आप लाइव आरती और कुंभ पर्व के बारे में टेलीकास्ट के साथ ही मेले से जुड़ी रोचक तस्वीरें व फिल्म देख सकेंगे। प्रयागराज का कुंभ मेला लगभग 50 दिनों तक संगम क्षेत्र के आसपास ढाई हजार हेक्टेयर भूमि पर चलेगा।
कुंभ मेले के दौरान ही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, मध्यप्रदेश और राजस्थान के 100 शहरों में कुंभ महापर्व यात्रा पहुंचाने के लिए 45 दिन तक खास वाहन चलाया जा रहा है। इसमें प्रतिदिन लाइव आरती और कुंभ पर्व के बारे में लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाएगा। कुंभ महापर्व यात्रा का मुख्य मकसद अधिक से अधिक लोगों तक मेले की महिमा को पहुंचाना है।
इस यात्रा के दौरान देश की नदियों की सफाई के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए एक खास शपथ पत्र भी भरवाया जा रहा है। प्रयागराज में संगम की रेती पर चल रहा कुंभ मेला हिंदू धर्म में विशेष और पावन स्थान रखता है।