मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से कहा कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन दे दीजिए। आपका किसी भी तरीके से अहित नहीं होने दिया जाएगा। अगर समय से जमीन नहीं मिली तो हरियाणा जमीन लेकर तैयार बैठा है। उन्होंने मंत्री, विधायक, डीएम व कमिश्नर को किसानों से वार्ता कर आठ दिन में सहमति बनाने और जमीन लेने को कहा।
जीबीयू में छात्रों सेे रूबरू होने के बाद जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह की पहल पर सीएम क्षेत्र के करीब 68 किसानों से मिले। किसानों ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे बनाने के लिए करीब 3600 रुपये मुआवजा दिए जाने का हवाला देते हुए कहा कि उसी तरह मुआवजा मिले।
करीब एक घंटे तक वार्ता हुई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा व एसपी सिंह, जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, नोएडा के विधायक पंकज सिंह, दादरी के विधायक तेजपाल नागर, यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. प्रभात कुमार, सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह, डीएम बीएन सिंह शामिल रहे। किसानों ने जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मसले को उठाया।
सर्किल रेट से चार गुना मुआवजे की मांग की, जिस पर सीएम ने कहा कि जमीन देने वाले किसानों का किसी भी तरीके से अहित नहीं होने दिया जाएगा। आप सब जमीन देंगे तो यहां एयरपोर्ट बनेगा। एमआरओ सेंटर बनेगा। लॉजिस्टिक हब बनेगा। इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
इसका सबसे ज्यादा फायदा स्थानीय लोगों को ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक एमआरओ (मेनटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहालिंग) सेंटर कोलंबो में है। इसे जेवर में लाया जा रहा है। अकेले इसी से लाखों युवा रोजगार पा सकेंगे। सीएम ने किसानों से कहा कि वार्ता करके बीच का रास्ता निकाला जा सकता है। वार्ता बंद मत कीजिए।