प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद सभी सड़कें गड्ढा मुक्त करने की घोषणा की गई थी। 15 जून तक का समय तय किया गया था। सिर्फ आज का समय बचा है, लेकिन जिले में शहर से लेकर देहात क्षेत्र में सड़कें बेहद खराब हालत में हैं।
डीएससी रोड भी दुरुस्त नहीं की गई, जबकि यह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दादरी को जोड़ने का प्रमुख मार्ग है। अमर उजाला की टीम ने बुधवार को जब सड़कों का हाल देखा तो नोएडा के औद्योगिक व आवासीय सेक्टर के अलावा देहात क्षेत्र के जारचा रोड, आमका-रूपवास रोड, पल्ला, बोड़ाकी मार्ग आदि सड़कें जर्जर हालत में पाई गईं। यह हालत तब है जब यहां की ज्यादातर सड़कों का मरम्मत कार्य नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण को ही करना है।
औद्योगिक व आवासीय क्षेत्र की सड़कें खराब
नोएडा के प्रमुख मार्गों पर कहीं मेट्रो का काम चल रहा है तो कहीं अंडरपास व एलिवेटेड रोड। जिसके कारण सड़कों से निकलना मुश्किल है। लेकिन यहां के सेक्टर-58 औद्योगिक क्षेत्र, सेक्टर-12 आवासीय सेक्टर, सेक्टर-8 झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र व सबसे ज्यादा सेक्टर-8 के औद्योगिक सेक्टरों की सड़कों की हालत खराब दिखी।
प्राधिकरण ने प्रमुख मार्ग की सड़कों से गड्ढे भरने का काम तो किया लेकिन अंदर की सड़कों की तरफ ध्यान नहीं दिया। जिसके कारण लोग परेशान रहते हैं और हादसे होने का भी डर सताता रहता है। लोगों को बरसात होने का भी डर है क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाएगा। ऐसे में जब गड्ढे नहीं दिखेंगे तो निश्चित ही बड़े हादसे भी हो सकते हैं।
सर्विस रोड खस्ताहाल
दादरी की टूटी सड़क
- फोटो : अमर उजाला
रबूपुरा से गुजरने वाले यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहन खूब फर्राटा भरते हैं लेकिन इस एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले मार्गों, सर्विस रोड व अन्य शहरों तक पहुंचने वाली सड़कें रबूपुरा के आसपास आज भी अपनी खस्ता हालत में है। कस्बे से बाया मिर्जापुर नोएडा मार्ग, रूस्तमपुर मार्ग, यमुना एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड, वाया आछेपुर दनकौर मार्ग आदि को दुरुस्त नहीं किया गया है।
गांवों के संपर्क मार्ग बदहाल
दनकौर। दनकौर क्षेत्र के गांवों के संपर्क मार्गों को जोड़ने वाली सड़कों के गड्ढों को अभी तक नहीं भरा गया है। नवादा गांव के नेमचंद नागर ने बताया कि दनकौर से नवादा, अमरपुर, राजपुर, हतेवा और दादपुर समेत करीब 20 गांवों से होकर जिला कारगार कासना तक संपर्क जोड़ने वाली सड़क पर गड्ढे हैं। जिससे आए दिन वाहनों के गिरने से लोग घायल हो जाते हैं।
बाजार की मुख्य सड़क खराब
जेवर-बुलंदशहर मार्ग पर बड़े गड्ढे बन गए हैं। जेवर का मुख्य बाजार पिछले साल बारिश में भी खस्ताहाल था। इस बार भी वही स्थिति है। पलवल की तरफ जाने वाले ट्रक व अन्य बड़े वाहन यहीं से गुजरते हैं।