फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीबीयू में नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत करेंगे सीएम, नोएडा आने के सभी रिकॉर्ड तोड़ते जा रहे हैं ‘योगी’

Tue, 31 Jul 2018 10:13 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में 3 अगस्त से नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत हो रही है। सत्र की शुरुआत पर आयोजित ओरिएंटेशन (अभिसंस्करण) कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और विश्वविद्यालय के चांसलर योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। सुबह 11.30 से लेकर 12.30 के बीच कार्यक्रम में वह विश्वविद्यालय परिसर में गीता उपवन, सौर ऊर्जा संयंत्र, ग्रीन साइकिल इनेशिएटिव का भी उद्घाटन करेंगे और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। साथ ही रुद्राक्ष का पौधा लगाएंगे।

विज्ञापन


जीबीयू के रजिस्ट्रार अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री का विश्वविद्यालय दौरा होगा। जीबीयू के तीनों हैलीपैड की साफ-सफाई कर उसको पूर्ण रूप से तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री का संबोधन मुख्य ऑडीटोरियम में होना है, इसकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। वहीं, गीता उपवन के कार्य को पूर्ण किया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां पौधरोपण करेंगे। इसके अलावा प्रशासन और प्राधिकरण को भी मुख्यमंत्री के दौरे के संबंध में अवगत करा दिया गया है। 

3500 हजार विद्यार्थियों को करेंगे संबोधित
जीबीयू के चांसलर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विवि के करीब साढ़े तीन हजार विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। इनमें से नए एडमिशन लेने वाले करीब 800 विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा। इसके अलावा जीबीयू में बद्धिस्ट स्ट्डीज में एडमिशन लेने वाले 80 विदेशी विद्यार्थी अलग से होंगे।   

विज्ञापन

75 किलोवाट के संयंत्र का करेंगे उद्घाटन

जीबीयू में मौजूदा समय में पांच सौ किलोवाट क्षमता का सौर्य ऊर्जा संयंत्र लगा है। इसके अलावा 2840 किलोवाट क्षमता का संयंत्र लगाया जा रहा है। इनमें से पहले 75 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र का मुख्यमंत्री उद्घाटन करेंगे।
       
ग्रीन साइकिल इनेशिएटिव
कई एकड़ में फैले जीबीयू में विद्यार्थियों की सुविधा और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए ‘ग्रीन साइकिल इनेशिएटिव’ कार्यक्रम का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री करेंगे। इसके अंतर्गत कुल 200 साइकिल आनी हैं, जिसमें से अभी 85 साइकिल उपलब्ध कराई गई हैं। यह साइकिल विद्यार्थियों को मोबाइल ऐप हेक्सी (एचईएक्सआई) के जरिये दी जाएंगे। विद्यार्थियों को बहुत कम किराये पर साइकिल उपलब्ध होगी।             
            
गीता उपवन का लोकार्पण
विश्वविद्यालय में पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए गीता उपवन बनाया जा रहा है। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री करेंगे। आगे चलकर इस अभियान के तहत विवि में करीब साढ़े तीन हजार पौधे लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा संबंधी जांच शुरू कर दी गई हैं। प्रत्येक क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा के पूरे उपाय किए जा रहे हैं।
-पीयूष सिंह, पुलिस उपाधीक्षक द्वितीय क्षेत्र, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन

नोएडा आने के सभी रिकॉर्ड तोड़ते जा रहे हैं ‘योगी’

प्रदेश के मुख्यमंत्री के नोएडा आगमन पर कई भ्रांतियां पिछले 20-25 साल से फैल रही थीं लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे दूर करते हुए सभी रिकॉर्ड तोड़ने में लगे हुए हैं। करीब सात माह में सीएम छठी बार यहां आ रहे हैं। अगर सब कुछ ठीक रहा तो दिसंबर तक वह चार बार और नोएडा आ सकते हैं। दरअसल, प्रदेश में कभी सपा की सरकार रही तो कभी बसपा की। उस वक्त ऐसी भ्रांति फैला दी गई थी कि जो भी सीएम नोएडा की तरफ आएगा वह दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनेगा। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव व बसा मुखिया मायावती के साथ ऐसा हो भी गया। इसके बाद जब भी उनकी सरकार बनी, नोएडा की तरफ कोई नहीं आया। इतना ही नहीं पिछली सरकार में सपा से मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव ने तो मंच से ही कहा था कि वह इसलिए नहीं आ रहे क्योंकि अफसरों ने समझाया कि यदि नोएडा गए तो दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनोगे। वह नोएडा आए भी नहीं, फिर भी कुर्सी चली गई।

उधर, जैसे ही प्रदेश में भाजपा की सरकार में योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया तो उन्होेंने कहा था कि वह वक्त आने पर नोएडा जरूर आएंगे। वह बॉटेनिकल गार्डन से कालकाजी तक मेट्रो के उद्घाटन के वक्त व्यवस्था देखने के लिए 23 दिसंबर 2017 को पहली बार नोएडा आए थे और 25 दिसंबर को पीएम के साथ मेट्रो के उद्घाटन में भी शामिल हुए। इसके दो माह बाद सिंचाई विभाग नोएडा ओखला में बैठक की। पिछले माह जब सैमसंग की कंपनी का उद्घाटन होना था तब भी पहले व्यवस्था देखने आए और फिर पीएम के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। अब 3 अगस्त को जीबीयू के नए सत्र का उद्घाटन करने सीएम आ रहे हैं।

दिसंबर तक चार बार और आ सकते हैं
जानकार मानते हैं कि दिसंबर 2018 तक सीएम नोएडा में चार बार और आ सकते हैं। अगले दो माह केभीतर नोएडा से ग्रेटर नोएडा मेट्रो का उद्घाटन होना है। इसके बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए शिलान्यास कार्यक्रम भी होना है। दोनों ही कार्यक्रम में व्यवस्था देखने व कार्यक्रम में दो-दो बार आना तय है। उन्होंने 25 दिसंबर 2017 को एमिटी में मेट्रो उद्घाटन कार्यक्रम के वक्त मंच से कहा भी था कि वह नोएडा में इतने बार आएंगे कि लोग गिनना भूल जाएंगे। इस बात के लिए पीएम ने भी सीएम की तारीफ की थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें