औद्योगिक और रियल एस्टेट के क्षेत्र में पहचान बना चुका नोएडा अब धीरे-धारे आईटी हब बन रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को तीन आईटी ईकाइयों की शुरुआत करेंगे। इनमें एक सॉफ्टवेयर डिवेलपमेंट सेंटर और डेटा सेंटर में काम शुरू होगा तो एक सॉफ्टवेयर डिवेलपमेंट सेंटर का भूमि पूजन होगा।
नोएडा में एचसीएल, माइक्रोसॉफ्ट, एमएक्यू, एडवर्ब, अडाणी ग्रुप समेत कई बड़ी आईटी कंपनियां पहले ही आ चुकी हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री अमेरिका की कंपनी एमएक्यू का सेंटर शुरू करेंगे। कंपनी करीब 500 करोड़ रुपये निवेश करने वाली है। यूनिट शुरू होने के पहले चरण में करीब 2500 और दूसरे चरण में 3500 लोगों को रोजगार मिलेगा।
सेक्टर-132 में सिफी कंपनी का डेटा सेंटर शुरू होने जा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट का सॉफ्टवेयर डिवेलपमेंट सेंटर सेक्टर-145 में करीब 15 एकड़ में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे किनारे बनेगा। इस परियोजना से छह हजार से ज्यादा रोजगार पैदा होंगे। दो हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें नोएडा प्राधिकरण की 37.5 क्यूसेक गंगाजल परियोजना का लोकार्पण अहम है। यह परियोजना लंबे समय से अधूरी थी। माना जा रहा है कि लोकार्पण के बाद तय योजना के तहत एक्सप्रेस-वे के किनारे सेक्टरों में वितरण शुरू हो जाएगा। ऐसे में बड़ी आबादी को खारे पानी की समस्या से राहत मिलेगी।
वहीं, लोकार्पण में दूसरी अहम परियोजना सेक्टर-14 ए लिंक रोड का चौड़ीकरण है। सड़क चौड़ीकरण का यह काम प्राधिकरण ने सेक्टर-15ए और 16 ए के बीच किया जा रहा है। यहां पर अभी बॉटल नेक के चलते चिल्ला दिल्ली बॉर्डर व डीएनडी से आने वाला ट्रैफिक फंसता था। इस वजह से बड़ी आबादी जाम में फंसकर परेशान होती थी। 66 परियोजनाओं की सूची विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से प्राधिकरण ने तैयार की है। नोएडा विधानसभा क्षेत्र की 53 विकास परियोजनाएं हैं, जिन पर लागत 672 करोड़ रुपये अनुमानित हैं। वहीं, दादरी विधानसभा क्षेत्र की 220.95 करोड़ रुपये लागत की 13 परियोजनाएं हैं।
नोएडा में एक्सप्रेस-वे पर झट्टा, सुल्तानपुर अंडरपास, सेक्टर-94 जापानी पार्क, सेक्टर-62 डी पार्क, सेक्टर-162 व 164 में दो विद्युत उपकेंद्र, सेक्टर-37 गोदावरी और 100 मार्केट का नवीनीकरण, सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास सरफेस पार्किंग निर्माण समेत अन्य परियोजनाएं शिलान्यास की सूची में शामिल हैं।