सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, 'एक वो मंच होते थे जहां मिलकर काम करने की कोई मंशा नहीं होती थी। जहां स्थानीय सांसद को साथ नहीं रखा जाता था। आज दिल्ली एक टीम के रूप में काम कर रही है। आज सभी का एक ही लक्ष्य है कि राजधानी विकसित दिल्ली में तब्दील हो। जिस दिन से सरकार बनी है, आज पूरी दो महीने हुए हैं। आज टीम के रूप में मिलकर निर्णय लिया जा रहा है। हमने टैंकर माफिया को खत्म करने के लिए फैसला लिया था। आज हर टैंकर में जीपीएस सिस्टम है। एक कमांड सेंटर विकसित किया गया है।'
फ्लो मीटर लगाने की भी योजना
रेखा गुप्ता ने 27 साल के 'खराब दौर' को समाप्त करने का दावा करते हुए कहा कि दिल्ली में टाउन प्लानिंग की जाएगी और हर घर तक पानी पहुंचाया जाएगा। डिजिटल इंडिया को सभी विभागों में लागू करने और फ्लो मीटर लगाने की भी योजना है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ पानी के लिए 150 करोड़ रुपये का फंड रखा गया है।
मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, 'ये टैंकर पहले भी चलते थे। लेकिन अब टैंकर को ट्रैक भी किया जा सकेगा। पहले टैंकर माफिया शब्द चलता था। हमने दिल्ली जलबोर्ड आईटी डैशबोर्ड से जोड़ दिया है। दिल्ली गर्मी में पानी की मांग काफी बढ़ जाती है। 10 साल की आप-दा की सरकार और 10 हफ्ते की रेखा सरकार आज दिखा रही है क्या हो सकता है। दिल्ली में हर जगह नाले और सीवर की सफाई हो रही है।
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, "मुख्यमंत्री और हमारे जल मंत्री प्रवेश वर्मा के नेतृत्व में आज ये 1,111 टैंकर को हरी झंडी दिखाई। इन सबमें जीपीएस लगा हुआ है। दिल्ली में कौन सा टैंकर कहां पर होगा, ये दिल्ली का हर नागरिक देख सकता है। उसमें कितना पानी है इसे भी ऑनलाइन ट्रैक किया जा सकता है। टैंकर का पानी अब वहीं जाएगा जहां भेजा गया है। किसी माफिया के हाथों में बेचा नहीं जा सकता। ये एक ऐतिहासिक शुरुआत है। दिल्ली की सरकार भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रही है।"