मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए खुद कमान संभालेंगे। कोविड-19 के बाद बेपटरी हुई अर्थव्यवस्था को ठीक करने के लिए मुख्यमंत्री अगले सप्ताह कुछ घोषनाएं कर सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना वायरस का संक्रमण अब कम हो रहा है, लिहाजा अब वक्त है अर्थव्यवस्था को ठीक करना।
बेपटरी हुई अर्थव्यवस्था कैसे पटरी पर लौटे इसे लेकर दिल्ली सरकार योजना तैयार कर रही है। इन योजनाओं का एलान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद कर सकते हैं। मुख्यमंत्री को व्यापारिक व औद्योगिक संस्थाओं से कई सुझाव भी मिले हैं। सुझाव में दिल्ली की अर्थव्यवस्था को ठीक करने का विस्तृत ब्योरा भी दिया गया है।
दिल्ली सरकार के अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में कोविड की स्थिति में सुधार हो रहा है, अब अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका को पटरी पर लाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। श्रम और रोजगार मंत्री गोपाल राय ने भी रविवार को कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार शहर में अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम शुरू करेगी। मुख्यमंत्री जल्द ही अर्थव्यवस्था संभालने के लिए विस्तृत योजना का एलान करेंगे।