दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केलिए बंगले की तलाश आखिरकार खत्म हो गई है। केजरीवाल सिविल लाइंस के फ्लैग रोड स्थिति बंगला नंबर 6 में रहेंगे। करीब आठ एकड़ वाले बंगले में पांच बेडरूम के अलावा दो बड़े लॉन, एक गार्डन, तीन सर्वेंट क्वार्टर और पार्किंग है।
यह बंगला विस के पूर्व उपाध्यक्ष अमरीश सिंह गौतम के छोड़ने केबाद से खाली है। पीडब्ल्यूडी बंगले की साफ-सफाई में जुट गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पिछले कार्यकाल में तिलक लेन के मकान में रहे थे। जो गद्दी छोड़ने के बाद खाली करना पड़ा था। तब से यूपी के वैशाली में रह रहे हैं।
बताया जा रहा है कि केजरीवाल बेटी की परीक्षाएं खत्म होने केबाद इस बंगले में रहने आएंगे। हालांकि पीडब्ल्यूडी अधिकारी आगामी एक सप्ताह में बंगला पूरी तरह से रहने लायक बनाने की बात कह रहे हैं।