कार्यकारी वित्त मंत्री पियूष गोयल द्वारा बजट पेश किए जाने से पहले आज दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर तंज कसते हुए नोटबंदी को एक बार फिर महा घोटाला करार दिया है।
केजरीवाल ने लिखा कि नोटबंदी ने भारत का अर्थशास्त्र बर्बाद कर दिया। पीएम मोदी फ्रॉड के जरिए एनएसएसओ का डाटा छिपाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन इस देश में हर कोई जानता है कि इस समय देश में बेरोजगारी की दर 1947 के बाद सबसे ज्यादा है।
सीएम केजरीवाल ने इससे पहले भी ओडिशा के भुवनेश्वर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि70 साल बाद भी देश गरीब है, जैसा विकास होना चाहिए था नहीं हुआ। आज भी देश में करोड़ों लोग गरीब हैं।
‘आप सरकार के काम में बाधा डालना देश से गद्दारी’
गणतंत्र दिवस के मौके पर शुक्रवार को आयोजित दिल्ली सरकार के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिना नाम लिए केंद्र सरकार पर हमला बोला। केजरीवाल ने कामकाज में बाधा पहुंचाने को देश के साथ विश्वासघात करार दिया। इसकी तुलना उन्होंने ब्रिटिश काल में अंग्रेजों की मदद करने वाले भेदियों से की।
छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हमारे बीच के लोग देशभक्तों के खिलाफ जाकर अंग्रेजों के लिए जासूसी करते थे। आज दिल्ली में अपने लोग ही ऐसा कर रहे हैं।