प्रदेश में स्वच्छता के लिए गांवों में प्रतियोगिता करवाई जाएगी और उसमें अव्वल रहने वाले गांवों को एक लाख रुपये तक की राशि का पुरस्कार दिया जाएगा।
विज्ञापन
यह विचार मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को गुड़गांव में फ्री वाई-फाई जोन का अनावरण तथा ग्रीन गुड़गांव अभियान की शुरुआत के दौरान व्यक्त किए।
सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुड़गांव में पहले चरण में चार स्थानों पर फ्री वाई-फाई जोन का अनावरण किया। इनमें सदर बाजार, सरहौल गांव, सेक्टर-29 का लेजर वैली पार्क क्षेत्र और एमजी रोड शामिल हैं।
गुड़गांव प्रदेश का आईकन है
- फोटो : फाइल फोटो
मनोहर लाल ने कहा कि गुड़गांव प्रदेश का आईकन है और इसे सुपर स्मार्ट सिटी बनाने के लिए इस प्रकार की आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। आज जिन दो परियोजनाओं की शुरुआत हुई है और दोनों महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने घर पर रहते हुए सुविधाएं प्राप्त करने के लिए ई-सेवाओं की आवश्यकता होती है, जिसमें फ्री वाई-फाई सुविधा शुरू करना एक अच्छी पहल है।
उन्होंने इसके लिए एयरटेल को बधाई देते हुए कहा कि ये सुविधा प्रदेश के अन्य बडे़ शहरों जैसे कि फरीदाबाद, पंचकूला, रोहतक, हिसार, करनाल, पानीपत आदि में पहुंचे।
ग्रीन गुड़गांव अभियान की शुरुआत
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर ग्रीन गुड़गांव अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान चला रखा है और सभी को स्वच्छता की ओर ध्यान देने की जरूरत है।
स्वच्छता की ओर प्रेरित करने के लिए सरकार ने कई योजनाएं भी चला रखी है। उन्होंने बताया कि जिस गांव के सभी वार्डों में स्वच्छता होगी और खुले में शौच मुक्त होगा, उसे एक लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि एक नवंबर 2016 तक प्रदेश के 21 जिलों में से 8 जिलों को खुले में शौच मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें गुड़गांव भी एक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वातावरण में प्रदूषण कम करने के लिए हरियाली आवश्यक है। इसे बढ़ाने के लिए गुड़गांव में नैसकॉम की पहल प्रशंसनीय है। वन विभाग भी इस बरसात के मौसम में काफी संख्या में पौधरोपण करेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने जन्म दिवस, शादी की सालगिरह व अन्य पारिवारिक आयोजनों के अवसर पर एक पौधा जरूर लगाएं और उसका पालन-पोषण और देखभाल करें।
अगले चरण में कई और चरण जुड़ेंगे वाई-फाई से
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वानिकी संबंधी कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कानूनों में बहुत सारी पेचीदगियां हैं। केंद्र सरकार ने अंग्रेजों के समय से चलेे आ रहे कानूनों का अध्ययन करवाया तो 1750 कानून अप्रचलित पाए गए हैं। इसी प्रकार हरियाणा में भी 80 से ज्यादा कानून अप्रचलित हैं।
अगले चरण में कई और बाजार जुडेंगे फ्री वाईफाई से
एयरटेल दिल्ली-एनसीआर के सीईओ ध्रुव भगत ने बताया कि गुड़गांव के चार क्षेत्रों में यूजर्स के लिए वाईफाई सुविधा निशुल्क होगी और वाई-फाई के दायरे में पहुंचने वाले यूजर्स पर अपने डिवाइस की सेटिंग में वाईफाई इनेबल करना होगा। उसके बाद एमसीजी पावर्ड बाय एयरटेल सर्च करना होगा। यूजर्स कुछ आसान स्टेप्स का अनुशरण कर सेवाओं के साथ सरलता से कनेक्ट हो सकते हैं।
यूजर्स रोजाना प्रति डिवाइस 30 मिनट तक मुफ्त दैनिक कोटा के आधार पर वाई-फाई इस्तेमाल कर सकेंगे। चाहें तो 30 मिनट के बाद भी वाईफाई का इस्तेमाल जारी रखा जा सकता है, परंतु उसके लिए उसे मामूली शुल्क अदा करना होगा। अगले चरण में गलेरिया मार्किट, सेक्टर 14 और महावीर चौक बस अड्डा क्षेत्र में वाईफाई की सुविधा शुरू की जाएगी।
10000 जनसंख्या वाले गांवों में भी शुरू होगी सुविधा
- फोटो : concept photo
गुड़गांव में संचालित बहुराष्ट्रीय कंपनियों की ओर से डेल कंपनी के कार्यकारी निदेशक दीपक ओहलियान ने ग्रीन गुड़गांव पर बताया कि सभी कंपनी अपने 100-100 मीटर के दायरे में पौधरोपण करेंगी और पौधों की देख-रेख तथा सौंदर्यीकरण करवाएंगी।
निगम के अतिरिक्त आयुक्त अमित खत्री ने कहा कि गुड़गांव के चार जोन में फ्री वाईफाई की सुविधा तथा पौधरोपण अभियान शुरू करना सामुदायिक भागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और यह गुड़गांव के सौंदर्यीकरण में मील का पत्थर साबित होगा। गुड़गांव के अतिरिक्त उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि 10000 तक जनसंख्या वाले बडे़ गांवों में भी इस प्रकार की सुविधा शुरू करने का विचार किया जा रहा है।
इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव, डेयरी विकास प्रसंघ के चेयरमैन जीएल शर्मा, सूरजपाल अम्मू, गुडगांव मंडलायुक्त डॉ. डी. सुरेश, निगमायुक्त एवं उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश, पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क आदि मौजूद रहे।