मुख्यमंत्री बनने के बाद मनोहर लाल खट्टर पहली बार गुड़गांव आ रहे हैं। शनिवार की शाम वह तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री के ओएसडी जवाहर यादव ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनता दरबार में लोगों की समस्याओं को भी सुनेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के गुड़गांव आगमन को लेकर जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। वह तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ना चाहता। इसके लिए जिला उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने सभी मातहत अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर दी है।
खट्टर शनिवार सायं 4:00 बजे गुड़गांव के प्रशासनिक अधिकारियों को लघु सचिवालय सभागार में संबोधित करेंगे। इस दौरान वह अधिकारियों को राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश देंगे।