जिंदगी भर की कमाई हैकरों के हाथ गंवाने वाले फैक्ट्री मजदूर को सीएम विंडो से भी न्याय नहीं मिल सका है। पीड़ित थाने और पुलिस के आला अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।
तीन नंबर पहाड़ी निवासी उदय शंकर ठाकुर एक फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। 5770 रुपये प्रतिमाह मानदेय पाने वाले उदय ने कमाई में से थोड़ा थोड़ा जोड़कर सत्तर हजार रुपये जोड़ कर बैंक में जमा कराए थे। तीन फरवरी को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए उनसे उनके बैंक खाते और एटीएम कार्ड की डिटेल ले ली।
इसके बाद कई बार में उनके खाते से सत्तर हजार रुपये निकाल लिए गए। बैंक अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसफर बताते हुए कोई मदद करने से इनकार कर दिया। पीड़ित कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने शिकायत लेकर उसे बैंक में शिकायत दर्ज कराने की बात कहते हुए टरका दिया।
न्याय मिलने की आस में उदयशंकर ने छह फरवरी को सीएम विंडों में शिकायत दर्ज कराई। मुख्यमंत्री के यहां से पांच दिन में कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। पीड़ित का कहना है कि पांच दिन बीतने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि अभी तक पुलिस ने उनसे पूछताछ भी नहीं की है। एसएचओ कोतवाली ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।