उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 11 दिसंबर को नोएडा आने का कार्यक्रम है। इसके लेकर पंडाल व स्टेज आदि व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाल रही इवेंट मैनेजमेंट कंपनी लखनऊ से नोएडा पहुंची। टीम ने नोएडा स्टेडियम का जायजा लिया।
शनिवार को लखनऊ से टीम नोएडा पहुंची थी। टीम ने नोएडा स्टेडियम में कंपनी की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं के मद्देनजर स्टेडियम का जायजा लिया। उन्होंने वहां जाकर उस स्थान को भी देखा, जहां से सीएम जनता को संबोधित करेंगे। कितने लोग इकट्ठा हो सकते हैं, कितना बड़ा पंडाल लगेगा, खाने आदि की व्यवस्था इवेंट मैनेजमेंट कंपनी करेगी।
सीएम करीब एक दर्जन परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें वे परियोजनाएं भी शामिल हैं, जो लोगों की सुविधा को देखते हुए शुरू की जा चुकी हैं। वे परियोजनाएं, जिनका सीएम के हाथों लोकार्पण होना है, उनमें सेक्टर 32-35, 39 और 51 के चौराहे पर अंडरपास, सेक्टर 62 मॉडल टाउन अंडरपास, एमपी-टू रोड पर सेक्टर 61 से एनटीपीसी तक एलिवेटेड रोड का हिस्सा, सेक्टर 34 नारी निकेतन, नोएडा स्टेडियम में 25000 दर्शक क्षमता का क्रिकेट स्टेडियम, सेक्टर 51 होशियारपुर बालिका इंटर कॉलेज, नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) की सिटी बस सेवा, सर्फाबाद स्टेडियम आदि प्रोजेक्ट शामिल हैं।
डीएनडी के रास्ते आ सकते हैं सीएम
सीएम यदि हेलीकॉप्टर से नहीं आए तो सड़क मार्ग से डीएनडी के रास्ते स्टेडियम आ सकते हैं। उनके रूट पर सड़क, साफ सफाई आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए प्राधिकरण अधिकारी जुटे हुए हैं। जिले के सपा नेताओं को भी सीएम के आगमन और व्यवस्थाओं की जानकारी लखनऊ से दी जा चुकी है।