ग्रेटर नोएडा के दादरी में गोमांस पकाने को लेकर उड़ी अफवाह के बाद बुजुर्ग इकलाख की पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में आज पहली बार सीएम अखिलेश ने अपनी चुप्पी तोड़ी।
सीएम अखिलेश ने इस मामले में बोलते हुए शुक्रवार को कहा कि अफवाहों में कुछ नहीं होता लेकिन अफवाहों से होता बहुत कुछ है। इसके साथ ही उन्होंने इस घटना के लिए पीएम मोदी को भी दोषी ठहरा दिया।
अखिलेश बोले कि कुछ लोग पिंक रिवॉल्यूशन के बारे में बातें करते हैं। अब आप सत्ता में तो आप गोमांस का निर्यात बैन क्यों नहीं करते? आपको दुनिया के पैमाने पर खड़ा होकर इसे बैन कराना चाहिए।
वहीं आजम खां ने फिर कहा कि गोमांस और सुअर के मांस के खिलाफ कानून लाया जाए। इन मांस के कारण ही मंदिर-मस्जिद का झगड़ा होता है। सरकार को इनके खिलाफ सख्त कानून लाना चाहिए।
लोगों की रक्षा सरकार की जिम्मेदारी
वहीं इस घटना के बाद चल रही राजनीति के बीच उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा है कि हर नागरिक की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उपराष्ट्रपति ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतवासी एक कौम का नाम है। उन्होंने आगे कहा कि सभी धर्मों की किताब अलग भी सभी नागरिकों के लिए एक धार्मिक ग्रंथ है, जिसका नाम संविधान है। संविधान प्रत्येक नागरिक को जिंदा रहने का हक और अधिकार देता है।
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी बृहस्पतिवार को यहां सांसद नरेश अग्रवाल के जन्मदिवस पर आयोजित कौमी एकता सम्मेलन में आए थे।
'एक-दूसरे से करें प्रेम'
उपराष्ट्रपति ने कहा कि आजादी के इतने सालों बाद भी कौमी एकता को लेकर जलसे हो रहे हैं, इसका मतलब यही है कि कहीं न कहीं कोई कमी तो जरूर है।
हामिद अंसारी ने ये भी कहा कि ये न सिर्फ सरकार की बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि देखें कि लोगों के दिल मिल रहे हैं या नहीं।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि सभी देशवासियों को सुरक्षा मिले। सबको सुरक्षा देना सरकारों की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम से यही सबक मिलता है कि एक-दूसरे से प्रेम करें और एक दूसरे की सुरक्षा करें।