फरीदाबाद में डॉक्टर से मिलने के लिए उनकी क्लिनिक के बाहर इंतजार कर रही महिला मेडिकल रिप्रजेंटेटिव से छेड़छाड़ का मामला सामाने आया है। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी मिली है। मामला एनआईटी बस अड्डे के पास का है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बताया गया है कि दोनों आरोपी भी मेडिकल रिप्रजेंटेटिव बताए जा रहे है। सेक्टर 16 में रहने वाली 29 वर्षीय युवती एक निजी कंपनी में काम करती है। उनका दवाइयों के सप्लाई करने व उनकी जानकारी देने को लेकर डॉक्टरों के साथ मिलना जुलना रहता है। बुधवार को वह बस अड्डे के पास क्लिनिक में डॉक्टर से मिलने गई थी। वह डॉक्टर के इंतजार में बाहर खड़ी थी।
आरोप है कि इस दौरान दो व्यक्ति आए और उसके कंधे से अपने कंधे टकरा कर क्लिनिक के अंदर चले गए। विरोध करने पर अपशब्द बोलकर धमकी देने लगे। इस लड़की ने महिला हेल्पलाइन नंबर पर जानकारी दी। जांच अधिकारी एसआई कमला ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। आरोपियों का नाम सुमित और भूपेश बताया गया है।