पावर कारपोरेशन में व्याप्त भ्रष्टाचार को कम करने के लिए शासन ने नई पहल की है। बिजली कनेक्शन लेने के लिए अब लोगों को केवल एक ऑनलाइन मैसेज करना होगा। इसमें आधार कार्ड का नंबर डालना होगा।
इसके बाद कारपोरेशन अफसर खुद सारी औपचारिकताएं पूरी कर बिजली कनेक्शन जारी कर देंगे। इससे बिचौलियों की दखल और भ्रष्टाचार को कम करने में मदद मिलेगी।
पावर कारपोरेशन मार्च से बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने जा रहा है। आधार कार्ड रखने वाले उपभोक्ता पावर कारपोरेशन की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन एक एप्लीकेशन कनेक्शन लेने के लिए डालेंगे।
इसके साथ अपना आधार कार्ड नंबर भी डालना होगा। इसके बाद कारपोरेशन अफसर खुद उपभोक्ता से संपर्क करेंगे और बिना परेशानी के उसको कनेक्शन जारी कर देंगे। उपभोक्ता के फोटो और आईडी आधार से डाउनलोड कर लिए जाएंगे।
जबकि संपत्ति पर मालिकाना हक की जानकारी तहसील और नगर निगम के रिकार्ड से ऑनलाइन पता कर लेंगे। इसके बाद उपभोक्ता को कनेक्शन की ऑनलाइन फीस जमा कराने के लिए मैसेज भेजा जाएगा। फीस जमा होने के साथ ही उपभोक्ता का मीटर लगाकर केबिल कनेक्ट करा दिया जाएगा।
एसई एसबी यादव ने बताया कि इससे उपभोक्ता को किसी कर्मचारी-अधिकारी के यहां चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। उसको बिचौलियों की मनमानी का शिकार भी नहीं होना पड़ेगा।
आने वाले समय में लोगो के पास दफ्तरों के चक्कर लगाने का वक्त भी नहीं होगा। ऐसे में कारपोरेशन ने कनेक्शन प्रक्रिया में ऑनलाइन सिस्टम लागू करने की तैयारी की है।