अगर आप अपने इलाके में गंदगी से परेशान हैं तो बस एक शिकायत कीजिए और 24 घंटे के अंदर आपको वह इलाका बिल्कुल साफ-सुथरा मिलेगा। जी हां, दिल्ली सरकार एक ऐसे सेल का निर्माण कर रही है जहां गंदगी की शिकायत मिलने के अधिकतम 24 घंटे के अंदर उसका सामाधान पक्का है।
दिल्ली सरकार के सचिवालय में जल्द ही एक ऐसा ऑफिस होगा जो आपकी शिकायत मिलते ही सफाई के काम पर लग जाएगा। इस खास ऑफिस को नाम दिया गया है स्वच्छता नियंत्रण कक्ष। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने खुद इस सेल की स्थापना में रूची दिखाई है।
मंगलवार को इस बारे में सूचना देते हुए दिल्ली के मुख्य सचिव डीएम सोपोलिया ने बताया कि इस सेल में शिकायत मिलते के 24 घंटे के अंदर उसका समाधान हो जाएगा। हालांकि शिकायत के समाधान का यह अधिकतम समय होगा। शिकायत की गंभीरता के आधार पर उसका समाधान एक घंटे से लेकर कुछ घंटे में भी संभव होगा।
फोटो के साथ करनी होगी कार्यवाई
दिल्ली सचिवालय में इसका कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा जिसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। मुख्य सचिव ने बताया कि शिकायत मिलते ही यह कार्यालय इलाके के संबंधित विभाग को सूचित करेगा। संबंधित विभाग को निश्चित समय के अंदर इस बात की भी सूचना देनी होगी कि उन्होंने क्या कार्यवाही की और कितनी देर में की।
विभाग को यह भी निर्देश भी होगा कि वह काम होने के पहले और बाद में उस जगह की तस्वीरें भी दें। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान को गति देते हुए एलजी नजीब जंग ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि सभी विभाग इस पर 25 अक्टूबर से काम करना शुरू कर दें। 24 अक्टूबर तक सभी विभागों को इस बारे में अपनी कार्ययोजना के बारे में बता देना है।
27 अक्टूबर तक सभी दें एक्शन प्लान
सोपोलिया ने बताया कि वह 25 अक्टूबर को दो अनियमित कॉलोनियों का दौरा कर वहां सफाई अभियान का हाल जानेंगे। दिल्ली सरकार के सभी विभागों को 27 अक्टूबर के पहले अपनी योजना के साथ एक्शन प्लान के बारे में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
इस योजना का मकसद सभी विभागों से समयबद्घ कार्ययोजना को हासिल करना है जिससे कि समय रहते कार्यों को पूरा किया जा सके। सभी विभागों के कार्यों पर निगरानी करने का काम सचिवालय द्वारा किया जाएगा। देखना होगा कि सफाई अभियान पर सरकार की यह तत्परता कितनी दूर तक जाती है।
साभार: indianexpress.com