प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई सांसद आदर्श ग्राम योजना का असर सांसदों पर दिखाना शुरू हो गया है। इस योजना के तहत सभी सांसद देश के किसी एक गांव को गोद लेंगे और उसका विकास करेंगे।
दिल्ली में इस योजना के तहत भट्टी गांव को चुना गया है। इस संबंध में आवश्यक नोटिस दिल्ली सरकार को जारी कर दी गई है। यह इलाका सांसद रमेश बिधूड़ी के संसदीय क्षेत्र में आता है। दिल्ली में भट्टी गांव इस योजना के तहत पहला मॉडल गांव बनाया जाएगा।
सांसद आदर्श ग्राम चुने जाने के बाद दिल्ली के मुख्य सचिव डीएम सुपोलिया ने संबंधित जिलाधिकारी को गांव का समाजिक आर्थिक सर्वेक्षण करने को कहा है। सुपोलिया ने बताया कि हम चाहते है कि महात्मा गांधी के सपनों की तरह भट्टी भी एक विकसित और आत्मनिर्भर गांव बने।
बिधूड़ी ने बताया कि उन्होंने भट्टी गांव को इसलिए चुना है क्योंकि यह दिल्ली के 54 गांवों में से सबसे ज्यादा पिछड़ा हुआ है। न तो यह इलाका यातायात के साधनों से जुड़ा हुआ है और न ही यहां ढंग को कोई स्कूल है। इस कठिनाई के चलते यहां के बच्चे आगे की पढ़ाई नहीं कर पाते।