नगर निगम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन से स्कूली बच्चों को जोड़ रहा है। इस मिशन के तहत बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया जा रहा है। साथ ही निगम 10 हजार व्यक्तिगत शौचालय बनाने के लिए लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है।
निगम के अधीक्षण अभियंता अनिल मेहता ने बताया कि मिशन के तहत शहर को खुले में शौच करने से मुक्त शहर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मुहिम के तहत अभी तक निगम को 10 हजार व्यक्तिगत शौचालय बनाने के लिये केंद्र एवं राज्य सरकार से सहायता मिली है।
इसमें से अब तक 6518 आवेदकों का पैसा बैंक के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में प्रति शौचालय 7000 रुपये की पहली किस्त भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जिनके आवास में शौचालय की व्यवस्था नहीं है वह इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
जो व्यक्ति सहायता चाहते हैं वह अपने क्षेत्र के सफाई निरीक्षक या फिर निगम कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। मेहता ने बताया कि मिशन के तहत सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में 4 से 18 मार्च तक स्वच्छता शपथ अभियान चलाया गया।