सिहानीगेट थाना क्षेत्र के रामागढ़ी स्थित धर्मशाला में अंबेडकर जयंती की तैयारी कर रहे युवकों से दो पुलिसकर्मियों ने जमकर गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़ित युवकों के साथ महिलाओं ने थाने का घेराव करते हुए हंगामा किया। इंस्पेक्टर द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद लोग शांत हुए।
टोनी पुत्र सलेक चंद्र, विनोद पुत्र भूप सिंह निवासी रामागढ़ी अंबेडकर धर्मशाला में बाबा भीम राव अंबेडकर की जयंती की तैयारी कर रहे थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे के बाद दो पुलिसकर्मी पहुंचे और खाना खा रहे टोनी और विनोद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो दोनों को बुरी तरह लाठी डंडों से पीटा।
आरोप लगाया कि बचाने के लिए आए कुछ लोगों के साथ भी पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। बताया कि दोनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। किसी तरह से जान बचाकर घर पहुंचे। सुबह पुलिसकर्मियों की हरकत समाज के लोगों को बताई। इसके बाद काफी संख्या में लोग और महिलाएं सिहानीगेट थाने पहुंच गए।
सभी पुलिस की मनमानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। थाने के अंदर महिलाओं और पुलिस के बीच काफी नोकझोंक हुई। महिलाएं आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती रहीं। कई घंटे तक थाना पुलिस और लोगों के बीच हंगामा होता रहा। इंस्पेक्टर संजय पांडेय व अन्य कर्मियों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानें। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद महिलाएं शांत हुईं।
- खाने की थाली को फेंका
लोगों ने आरोप लगाया कि युवक खाना खा रहे थे, इसी दौरान पुलिसकर्मी आ गए। उन्होंने पहले खाने की थाली को उठाकर फेंक दिया। उसके बाद अभद्रता शुरू कर दी। आरोप लगाया कि जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किया।
- नशे में थे पुलिसकर्मी
पीड़ित ने बताया कि पुलिसकर्मी काफी नशे में थे। उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माने। नशे में मारपीट करते रहे। विरोध करने पर और ज्यादा पीटा। सामान को भी इधर उधर फेंक दिया।
लोगों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि वह शराब पी रहे थे। शराब पीने से मना किया तो अभद्रता करने लगे। शिकायत के आधार पर सीओ को जांच सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिसकी गलती होगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-श्लोक कुमार, एसपी सिटी