चिल्ला बॉर्डर-सिंघु बॉर्डर पर निगरानी कड़ी
चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि उनके जनपद में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है। इसके तहत यहां बल तैनात किया गया है, ताकि कोई प्रतिकूल स्थिति न उत्पन्न हो। सिंघु बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा सीमा) पर भी सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। इस दौरान सुरक्षा की निगरानी के लिए ड्रोन का भी उपयोग किया जा रहा है। हापुड़, उत्तर प्रदेश में छजारसी टोल प्लाजा पर भी पुलिस अत्यधिक सतर्कता बरत रही है। यह टोल प्लाजा दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर स्थित है।
नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर भी पुलिस की पैनी नजर
नोएडा बॉर्डर पर निगरानी बढ़ाई गई है, जिसकी वजह से आधे से ज्यादा सड़कों को बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया है। इससे लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। गाड़ियों को आर पार होने में काफी टाइम लग लग रहा है।
दिल्ली में कौन-कौन से रास्तों पर जाने से बचें?
शंकर रोड-वंदे मातरम ‘टी’ प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग, गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्किल, लोदी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल राउंड अबाउट, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग समेत कई स्थानों पर जानें से बचें।
दिल्ली में ऐसे जानें किस रास्ते पर कैसा हाल?
दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के रास्ते रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या एयरपोर्ट जाने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें। गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। यातायात की ताजा जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म देखने के साथ 1095 या 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है।
दिल्ली में यह रास्ते पूरी तरह बंद
दक्षिण दिल्ली और दक्षिण पूर्व दिल्ली से नई दिल्ली आने वाले सभी रास्तों पर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रास्तों को पूरी तरह बंद किया हुआ है, लोधी रोड से नई दिल्ली जाने वाले सब रास्ते बंद हैं। डिफेंस कॉलोनी से भारत मंडपम तक होकर आईटीओ तक आने वाला रास्ता खुला हुआ है, वहां से भी नई दिल्ली जाने वाले रास्तों पर पूरी तरह बैरिकेडिंग की हुई है।
कालिंदी कुंज-नोएडा बॉर्डर का जानें हाल
कालिंदी कुंज-नोएडा बॉर्डर पर दिल्ली की सीमा में प्रवेश से करीब 100 मीटर आगे दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं। यहां वाहनों की चेकिंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। पहले वाहनों के निकलने के लिए सड़क पर अधिक जगह उपलब्ध थी, लेकिन समय के साथ रास्ते को धीरे-धीरे सीमित किया जा रहा है। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या और बढ़ गई है। मौके पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और दिल्ली पुलिस के अधिकारी व जवान तैनात हैं, हालांकि महिला पुलिसकर्मियों की संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। मौके पर केवल एक महिला पुलिसकर्मी तैनात नजर आई। वहीं, दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड्स पर बैनर लगाकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू होने की जानकारी दी है। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने और सार्वजनिक सभाओं सहित कुछ गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।